समाजवादी छात्रसभा के प्रदर्शन में शामिल छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष अदील हमजा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है और उनके सपनों को तोड़ा जा रहा है।
लेखपाल भर्ती परीक्षा में पेपर लीक होने का आरोप लगाते हुए समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने रविवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रसंघ भवन पर प्रदर्शन किया और सीएम का पुतला फूंका। वहीं, युवा मंच ने मुख्यमंत्री को ट्वीट कर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
विज्ञापन
समाजवादी छात्रसभा के प्रदर्शन में शामिल छात्रसंघ के पूर्व उपाध्यक्ष अदील हमजा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है और उनके सपनों को तोड़ा जा रहा है। छात्र इसके खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक लड़ेंगे छात्रसभा के जिलाध्यक्ष अखिलेश गुप्ता ने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और परीक्षा निरस्त की जाए। इस मौके पर हरेंद्र यादव, शिवबली यादव, आयुष प्रियदर्शी, सलमान, अजय त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
दूसरी ओर युवा मंच के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को ट्वीट कर मांग की कि लेखपाल भर्ती परीक्षा में पेपर लीक और नकल किए जाने के आरोपों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। युवा मंच के अध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि दरोगा भर्ती, 69 हजार शिक्षक भर्ती, एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती आदि में भी भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच में रस्म अदायगी की गई। सॉल्वरों को तो जेल भेज दिया गया, लेकिन मुख्य अभियुक्तों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं की गई। इसी वजह से पेपर लीक के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।