इलाहाबाद से जम्मू के लिए सीधी ट्रेन का तोहफा इसी वित्तीय वर्ष में मिल सकता है। बताया जा रहा है कि उत्तर मध्य रेलवे (एनसीअर) द्वारा जम्मू के लिए सीधी ट्रेन चलाए जाने का प्रस्ताव भेजा गया है। जल्द ही रेलवे बोर्ड इलाहाबाद-जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन की घोषणा कर सकता है। जम्मू के लिए स्पेशल ट्रेन में प्रयागराज में इस्तेमाल हो चुके सीबीसी कोच का इस्तेमाल किया जाएगा।
इलाहाबाद से जम्मूतवी के लिए सीधी ट्रेन चलाए जाने की मांग लंबे समय से चल रही है। उत्तर मध्य रेलवे प्रशासन भी इसके लिए बोर्ड को पूर्व में प्रस्ताव भेज चुका है, लेकिन बोर्ड द्वारा अब तक यह मांग पूरी नहीं की जा सकी है। सिर्फ गर्मी की छुट्टियों में ही रेलवे जम्मू के लिए स्पेशल ट्रेन चलाकर इतिश्री कर रहा है। दरअसल रेलवे के पास पर्याप्त कोच न होने की वजह से इलाहाबाद-जम्मू ट्रेन को चलाए जाने का निर्णय नहीं हो सका है। पिछले सप्ताह ही प्रयागराज एक्सप्रेस में एलएचबी कोच लगने के बाद एनसीआर प्रशासन के पास उसके 48 सीबीसी कोच उपलब्ध हो गए हैं। इस बीच इलाहाबाद आई रेलवे बोर्ड की यात्री सुविधा समिति के सदस्यों के समक्ष यह मामला उठा।
समिति में शामिल भाजपा नेता योगेश शुक्ला ने भी आश्वस्त किया है कि बोर्ड के समक्ष इलाहाबाद से जम्मू के लिए सीधी ट्रेन चलाए जाने का मामला उठाया जाएगा। उधर एनसीआर प्रशासन ने भी जम्मू के लिए सीधी ट्रेन का प्रस्ताव इसी वित्तीय वर्ष में बोर्ड को एक बार फिर से भेजा है। अब प्रयागराज के सीबीसी कोच उपलब्ध हो जाने के बाद कहा जा रहा है कि बोर्ड इसी वित्तीय वर्ष में जम्मू के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मंजूरी दे सकता है। इस बारे में एनसीआर के पीआरओ अमित मालवीय का कहना है कि जम्मू के लिए सीधी ट्रेन चलाने का निर्णय बोर्ड को करना है।