कर्नलगंज के सादियाबाद में शनिवार देर रात व्यवसायी आमिर (26) की हत्या अवैध संबंध के विरोध पर हुई थी। घरवालों का कहना है कि आरोपी ने आमिर को देख लेने की धमकी दी थी। पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपी इरशाद को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।
सादियाबाद में शनिवार रात 11 बजे के करीब आमिर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। घरवालों ने परिचित इरशाद पर शक जताया था, जो घर में ताला लगाकर गायब मिला। पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। रविवार दोपहर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अफसरों ने बताया कि आरोपी की एक महिला से अवैध संबंध थे, जिसका आमिर विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच शनिवार रात में भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद इरशाद उसे घर से करीब एक किमी दूर स्थित दूर पानी की टंकी के पास बुलाकर ले गया और चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इरशाद की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।