मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना के तहत चलाई जा रही बस के संचालक के साथ मारपीट मामले में औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने सहायक पुलिस आयुक्त करछना के आदेश पर एफआईआर दर्ज की है। एसीपी आदेश पर तीन आरोपियों के खिलाफ घटना के 14 दिनों के बाद एफआईआर दर्ज की गई है।
पीड़ित अमिनेश पांडेय निवासी एडीए काॅलोनी नैनी ने दर्ज एफआईआर में बताया कि वह मुख्यमंत्री ग्रामीण परिवहन योजना की देखरेख का काम करता है। इस योजना से डग्गामार बसों के संचालकों को काफी नुकसान हो रहा है, जिससे परेशान होकर औद्योगिक थाना क्षेत्र का प्रमोद कुमार तिवारी पुत्र बाबूराम तिवारी निवासी वेदों थाना औद्योगिक क्षेत्र ने दो अज्ञात आरोपियों के साथ उसे बीते 17 जून को रामपुर तिराहे पर रोक कर मारापीटा था। साथ ही आरोपी ने योजना के तहत गाड़ियों को चलवाना बंद न करने पर जान से मारने की धमकी दी। मामले में औद्योगिक क्षेत्र पुलिस के कार्रवाई न करने पर पीड़ित ने मामले की शिकायत एसीपी करछना से की थी। एसीपी करछना सुनील कुमार सिंह के आदेश पर बुधवार को प्रमोद कुमार तिवारी और दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।