फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अतीक की एक और बेनामी संपत्ति पर चला बुलडोजर

Sat, 18 Aug 2018 01:01 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
एडीए के अफसरों ने शुक्रवार को जानसेनगंज चौराहे पर सड़क चौड़ीकरण में बाधा बने करीब 150 वर्ष पुराने एक भवन का आंशिक भाग जेसीबी से ध्वस्त करा दिया। माना जा रहा है कि यह बिल्डिंग बाहुबली पूर्व सांसद अतीक अहमद की बेनामी संपत्ति है। सुबह से शाम तक हुई कार्रवाई के चलते चौराहे पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया था, जिससे यहां जाम भी लगा रहा। वहीं भवन के स्वामित्व पर एडीए के अफसरों ने अनभिज्ञता जताई, लेकिन इस जर्जर बिल्डिंग को जमींदोज करने की तैयारी है। इसी भवन से सेंध लगाकर घुसे चोरों ने दो दिन पहले बगल स्थित ज्वैलर्स शॉप से 80 लाख के जेवरात उड़ाए थे।
विज्ञापन


जानसेनगंज चौराहे पर करीब बीस वर्षों से बंद पड़े इस भवन में कभी रेखी ब्रदर्स के नाम से म्यूजिक शॉप थी। जहां रिकार्ड, कैसेट और म्यूजिक सिस्टम आदि की बिक्री की जाती थी। वर्तमान में भवन का स्वामित्व किसका है, इस बारे में प्रशासनिक और एडीए के अफसर अनभिज्ञता जता रहे हैं। जबकि चर्चा रही कि बाजारू मूल्य के हिसाब से कीमती जमीन पर बनी इस बिल्डिंग का मालिकाना हक अतीक या उनके किसी करीबी का ही है। एडीए के जोनल अधिकारी जयराम मौर्या के मुताबिक जानसेनगंज में सड़क चौड़ीकरण और चौराहा सुंदरीकरण अभियान में यह पुराना जर्जर भवन बाधा बना था। चौराहे के आसपास एक दर्जन से अधिक भवनों को लोगों ने खुद ही तोड़ लिया है। चौराहे के लीडर रोड के छोर पर बने तीन भवनों के आंशिक भाग शुक्रवार को तोड़े जाने थे। दो भवन स्वामियों को खुद अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन की मोहलत दी गई, जबकि चौराहे के कोने में स्थित भवन का आंशिक भाग तोड़ दिया गया। पुलिस की कड़ी सुरक्षा में हुई कार्रवाई में एडीए के सचिव गंगा राम गुप्ता, जोनल अधिकारी जयराम मौर्या, सुशील कुमार चौबे, प्रवर्तन दल प्रभारी आलोक पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट अशोक कुमार कन्नौजिया, एसपी सिटी बृजेश श्रीवास्तव, सीओ प्रथम शिवराज समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।

जानसेनगंज चौराहे के फिलहाल तीन तरफ रात के समय दनादन भवन तोड़े जा रहे हैं। चौराहे से निरंजन सिनेमा हाल तक कार्रवाई लगभग पूरी हो चुकी है। वहां अब नाली निर्माण के साथ बिजली के खंभे लगाए जा रहे हैं। यहां तीन महीने पहले रात के समय निरंजन बिल्डिंग के बरामदे को जेसीबी लगाकर ध्वस्त किया गया था। अब चौराहे के विवेकानंद मार्ग पर निरंजन के पीछे वाली गली के आसपास रात में भवनों का अग्र भाग तोड़ा जा रहा है। लोग कहीं हथौड़े चला रहे हैं तो कहीं हैंड कटर से पिलर और दीवारें काटी जा रही हैं। रास्ता बंद कर फुटपाथ की खोदाई कर गिट्टियां भी डाली जा रही हैं। अब बारी लीडर रोड की है, जहां से ध्वस्तीकरण की शुरुआत शुक्रवार को की जा चुकी है।
विज्ञापन


पीडब्ल्यूडी, प्रशासन और एडीए के संयुक्त अभियान में शुक्रवार को दारागंज में अभियान चलाकर कुंभ मेला मार्ग से अतिक्रमण हटाए गए। पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता हिमांशु मित्तल ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पांच दुकानों समेत करीब 30 पक्के निर्माण तोड़े गए। इनमें कई रैंप भी शामिल हैं। सब्जी मंडी से तोड़फोड़ करते हुए दस्ता पुलिस बल के साथ नागवासुकि मंदिर तक पहुंचा। यहां से कार्रवाई शुरू करते हुए टीम दशाश्वमेध घाट के पास गणेश मंदिर तक गई। रास्ते भर मार्ग में बाधा बन रहे निर्माण ध्वस्त किए गए। घाट के पास झुग्गी झोपड़ी में रहने वालों ने पुनर्वास की मांग करते हुए कार्रवाई का विरोध किया। एसीएम प्रथम विनय को पूर्व पार्षद शिव सेवक सिंह, अनुराधा, मो. वासे आदि ने झुग्गी झोपड़ी वालों के संबंध में पारित न्यायालय का एक फैसला दिखाकर उसका अनुपालन कराने का अनुरोध किया। इस पर एसीएम ने लोगों को समझाया फिर जिलाधिकारी से मिलने की बात कहते हुए उन्हें मोहलत दी।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें