करनाईपुर। बहरिया पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार। संवाद
- फोटो : 1
बहरिया के सारीपट्टी गांव में रामदुलार की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मृतक के साले भूपेंद्र कुमार पटेल को फूलपुर के बरना से गिरफ्तार किया। इस वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। शुक्रवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, ढाई बिस्वा जमीन बेचने के विरोध को लेकर हत्या की गई थी। भूपेंद्र की बहन आर्थिक तंगी के कारण जमीन बेचकर अपने बेटे का इलाज और बेटी की शादी करना चाहती थी। रामदुलार इस जमीन बिक्री का लगातार विरोध करता था। इसी पारिवारिक कलह से नाराज होकर भूपेंद्र ने अपने बाल अपचारी साथी के साथ हत्या की साजिश रची।
रामदुलार का शव नौ नवंबर को सारीपट्टी गांव के धान के खेत में मिला था। मृतक के भाई उदय सिंह पटेल की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोप है कि आठ नवंबर की शाम दोनों आरेपी रामदुलार को अपने साथ ले गए।
शराब पीने के बाद उन्होंने 50 रुपये में नायलॉन की डोरी खरीदी और खेत में ले जाकर गला घोंटकर हत्या कर दी। बहरिया थाना प्रभारी मानवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी को 12 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, एक जोड़ी जूते, ग्रे रंग की पैंट और शराब की खाली बोतल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजा गया है।