जमीन विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच मारपीट व फायरिंग से हड़कंप मच गया। गोली लगने से बीचबचाव करने पहुंचे दो ग्रामीण घायल हो गए। घायलों को पुलिस इलाज के लिए ले गई है। किराए पर बदमाश बुलाकर बवाल व फायरिंग का आरोप लगाया गया है। एक हमलावर को ग्रामीणों में दबोचकर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस मामले की छानबीन करते हुए केस दर्ज करने की बात कही है।
लालगंज कोतवाली के खरगपुर निवासी बदरुद्दीन व अलीमुद्दीन सगे भाई हैं। दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। बताया जाता है कि जमीन पर कोर्ट से स्टे है, इसके बाद भी बदरुद्दीन छप्पर डाल रहा था।
छप्पर रखने से रोकने की बात नहीं मामने पर रविवार को अलीमुद्दीन ने किराए पर आधा दर्जन बदमाशों को बुला लिया। अपराह्नप चार बजे के लगभग सगे भाइयों के बीच इसी मामले में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। यह देख ग्रामीण बीचबचाव करने लगे। आरोप है कि विवाद के दौरान किराए पर बुलाए गए बदमाशों ने अचानक तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली लगने से बीचबचाव करने पहुंचे फैय्याज (19) व सैफ(22) पुत्र फारूक घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने एक बदमाश को घेरकर दबोच लिया।
जबकि पांच बदमाश भाग निकलने में कामयाब रहे। घटना की जानकारी पर प्रभारी निरीक्षक व लीलापुर चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाश को उसके हवाले कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल हो गया है। इस बारे में लीलापुर चौकी प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि जमीन पर कोर्ट का स्टे है। इसी पर एक पक्ष के छप्पर रख रहा था, जिसे रोक दिया गया है। इसी मामले में को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट व फायरिंग हुई है। दो लोगों के गोली लगने की जानकारी हुई है।