शादी के बाद आंगन की रस्म के दौरान दुल्हन की बहन से बरातियों ने बदसलूकी की। यह देख घरवालों ने दुल्हन की विदाई से इन्कार कर दिया। बात इतनी बिगड़ी की दूल्हे के परिवार वालों को बंधक बना लिया गया। बाद में पंचायत के बाद दहेज के सामान और शादी का खर्च देने के बाद ही उन्हें जाने दिया गया।
घूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार की रात चित्रकूट के मऊ थाना क्षेत्र के एक गांव से बरात आई थी। जलपान के बाद द्वारचार आदि की रस्में शुरू हुई। इस दौरान जयमाल के समय दहेज के लेन-देन को लेकर एक-दूसरे में मनमुटाव हो गया । इसके बाद भी शादी की रस्में सात फेरे के साथ संपन्न हुई। इधर, लड़की की विदाई से पहले दूल्हे के आंगन में जाने की रस्म चल रही थी। इसी बीच आंगन में ही बरात में शामिल एक युवक ने दुल्हन की छोटी बहन के साथ बदसलूकी कर दिया। मामला मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि पिटाई से दुल्हन की बहन बेहोश हो गई। लड़की के साथ हुई मारपीट और बेहोश होने की जानकारी होते ही घराती पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए। दोनों पक्षों में नोकझोंक भी हुई। बाद में बरातियों के अलावा दूल्हे के साथ उसके घर के लोगों को बैठा लिया गया। बड़े बुजुर्ग समझौता करने का प्रयास किया। बातचीत शाम तक चलती रही। बाद में निर्णय लिया गया कि शादी में दिए गए दहेज और खर्च को दूल्हे पक्ष के लोग लौटाएंगे, तभी उन्हें छोड़ा जाएगा। जानकारी के अनुसार, शाम को दूल्हे के पिता ने लड़की पक्ष की ओर से दिए गए दहेज और खर्च को देने की हामी भरी तो विवाद शांत हुआ और बरात बिन दुल्हन के वापस लौट गई।