सहसों (इलाहाबाद)। विजिलेंस की टीम ने शनिवार को एक लेखपाल संतलाल सिंह को घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। लेखपाल ने जमीन की दाखिल खारिज की रिपोर्ट लगाने के लिए घूस मांगी तो जमीन के खरीदार ने विजिलेंस से शिकायत कर दी। विजिलेंस के दल ने जाल बिछाया और दस हजार रुपये रिश्वत लेते संतलाल को पकड़ लिया। उसे सरायइनायत थाने ले जाकर पुलिस के हवाले कर भ्रष्टाचार का मुकदमा लिखा गया।
झूंसी की आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले रविसेन ने 21 नवंबर को सहसों के पास गोतावां गांव में कलावती देवी और उनके बेटे सुरेश से पांच बिस्सा जमीन खरीदी। जमीन की रजिस्ट्री कराने के बाद रविसेन ने दाखिल खारिज के लिए आवेदन किया। आरोप है कि हल्का लेखपाल संतलाल सिंह ने दाखिल खारिज के लिए रविसेन से 20 हजार रुपये घूस मांगी। आखिर में 10 हजार रुपये में सौदा पटा। मगर वैध काम के लिए रिश्वत मांगे जाने से दुखी रविसेन ने इसकी शिकायत विजिलेंस से कर दी। विजिलेंस ने लेखपाल को घूस लेते वक्त पकड़ने की तैयारी कर ली।
शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे लेखपाल संतलाल ने रविसेन को सहसों चौराहे पर बुलाया। रविसेन ने वहां चाय की दुकान पर जाकर लेखपाल के हाथ में दस हजार रुपये थमाए, तभी विजलेंस की टीम ने घेर लिया। लेखपाल को हिरासत में लेकर केमिकल लगे नोट टीम ने अपने कब्जे में ले लिए। लेखपाल को सरायइनायत थाने ले जाया गया। उसे पुलिस को सौंपकर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया गया। विजलेंस एसपी आरपी गौतम के निर्देश पर बनी टीम में इंस्पेक्टर भारत रत्न वार्ष्णेय, बीएल श्रीवास्तव, आरएसआर सरोज, कैलाश नाथ, प्रेमचंद्र पांडेय, मनोरंजन कर निरीक्षक संध्या वर्मा और डीएम कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक अमित अग्रवाल शामिल रहे। गिरफ्तारी की खबर पाकर कई लेखपाल भी सरायइनायत थाने पहुंचे थे।