सपा और कांग्रेस गठबंधन की ओर से मीरापुर गोलपार्क पर बनाया गया मंच मंगलवार की शाम भरभराकर गिरा तो वहां अफरातफरी मच गई। आधा दर्जन से ज्यादा नेता घायल हो गए। किसी का हाथ टूटा तो किसी का पैर। तादात से ज्यादा नेता उस पर चढ़ गए थे। घटना से प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए क्योंकि अगर देर न हुई होती तो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इसी मंच से भाषण देने वाले थे।
सपा-कांग्रेस के संयुक्त रोड शो का समापन मीरापुर गोलपार्क चौराहे पर होना था। दोनों शीर्ष नेताओं के लिए चौराहे पर मंच बनाया गया था। छोटे से मंच पर तादात से ज्यादा नेता चढ़ गए थे। मंच से भाषणबाजी का दौर चल रहा था। सभी बेसब्री से अखिलेश यादव और राहुल गांधी का का इंतजार कर रहे थे। सपा के वरिष्ठ नेता विनोद चंद्र दुबे ने भाषण खत्म किया, तब तक पांच बज गए। मंच से कहा गया कि भीड़ रुकी रहे। दोनों नेता बस थोड़ी ही देर में गुजरने वाले हैं। बमुश्किल दस मिनट भी नहीं बीते होंगे कि मंच भरभराकर नीचे गिरा और तमाम नेता उसके नीचे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव राणा गोस्वामी और सपा नेता विनोद चंद्र दुबे का पैर टूट गया था तो विजय वैश्य, फुजैल हाशमी के हाथों में फ्रैक्चर आ गया था। मंच का संचालन कर रहे इकबाल अंसारी, सभासद सरफराज अहमद, अल्पसंख्यक सभा के शाहिद प्रधान, सबीना मोहानी, एमएलसी रामसुंदर निषाद, राम मिलन यादव आदि कई लोग घायल हो गए थे। उन लोगों को तुरंत पास के अस्पतालों में ले जाया गया। मंच तैयार करने वालों ने बताया कि जितनी क्षमता थी, उस से अधिक लोग चढ़ गए। इस कारण हादसा हुआ।
कार्यक्रम स्थल पर करीब दस साल का इब्ने अब्बास अखिलेश यादव के फोटो वाली शर्ट पहन दोनों हाथों से सपा का झंडा लहराते हुए आकर्षण का केंद्र बना हुआ था। यह देख किसी नेता ने इब्ने अब्बास को भी मंच पर बुला लिया। संयोग ऐसा था कि उसी समय मंच गिरा और नन्हा नेता इब्ने भी घायल हो गया।
गोलपार्क चौराहे पर एसपीजी की एक टीम पहले से ही पहुंच गई थी। एसपीजी वाले बार बार चेतावनी दे रहे थे कि राहुल गांधी के आने से पहले मंच खाली कर दिया जाए। संचालनकर्ता भी बार-बार मंच पर मौजूद नेताओं से अनुरोध कर रहे थे कि भाषण के बाद वे मंच से नीचे चले जाएं लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं था। नेता तो नीचे नहीं आए लेकिन मंच जरूर नीचे आ गया।