कैंट स्टेशन पहुंचते ही उपचार में जुटी चिकित्सकों की टीम
- फोटो : अमर उजाला
इलाहाबाद आ रही पटना राजधानी एक्सप्रेस रविवार की रात हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। इलाहाबाद जंक्शन से मात्र 55 किलोमीटर पहले गैपुरा स्टेशन के पास किसी ने रेलवे ट्रैक पर बोल्डर रख दिया था। सौ किमी प्रति घंटा से ज्यादा की रफ्तार से चल रही ट्रेन अचानक बोल्डर से टकरा गई। राहत भरी बात यह रही कि इससे ट्रेन का संतुलन नहीं बिगड़ा, नहीं तो वहां बड़ा हादसा होना तय था। ट्रेन में 500 से ज्यादा मुसाफिर सवार थे। घटना के बाद यात्रियों में भी हड़कंप मच गया। उधर, बोल्डर से हुई टक्कर के बाद इंजन में खराबी आ गई। बाद में मेजा में मालगाड़ी का इंजन लगाकर उसे इलाहाबाद रवाना किया गया। इस दौरान अप और डाउन लाइन में तकरीबन दो घंटे तक रेल संचालन ठप रहा।
पटना राजधानी का इलाहाबाद पहुंचने का समय रात 12.25 बजे है। रविवार की रात गाड़ी संख्या 12309 मुगलसराय से रात 10.35 बजे इलाहाबाद के लिए रवाना हुई। करीब पौने बारह बजे ट्रेन ने गैपुरा रेलवे स्टेशन को पास किया। इसके बाद किलोमीटर संख्या 759/15-17 पर राजधानी एक्सप्रेस के इंजन से एक बोल्डर टकरा गया। इससे तेज आवाज आई। इंजन की चाल भी थोड़ी लड़खड़ाई। कोई अनहोनी न हो इसके लिए ड्राइवर ने स्पीड धीमी कर दी। गैपुरा स्टेशन से सात किलोमीटर दूर जिगना स्टेशन पर इंजन की जांच की गई तो उसमें खराबी पाई गई।
ड्राइवर ने कंट्रोल रूम को सूचना देकर दूसरे इंजन की मांग की। इस बीच ट्रेन चेक करने के बाद उसे सावधानी पूर्वक आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया। रात 1.45 बजे राजधानी मेजा स्टेशन पहुंची। यहां एक मालगाड़ी का इंजन उसमें लगाया गया। तब कहीं जाकर रात 2.45 बजे ट्रेन मेजा से रवाना हुई और 3.28 बजे इलाहाबाद जंक्शन पहुंची। इस दौरान तकरीबन दो घंटे तक संबंधित रूट पर ट्रेन संचालन प्रभावित रहा। संबंधित रूट पर चलने वाली दुरंतो, राजधानी समेत कई एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन पर इसका असर पड़ा। उधर, सूचना पाकर रेलवे द्वारा मौके पर रेल पथ निरीक्षक को रवाना किया गया। जांच करने के बाद अप लाइन और डाउन लाइन को रात डेढ़ बजे के आसपास फिट घोषित कर दिया गया।
दो पहिया वाहन को पार करने के लिए रखा था बोल्डर
0 गैपुरा स्टेशन पार करने के बाद रेलवे ट्रैक के दोनों ओर गांव हैं। यहां रेल अंडर ब्रिज (आरयूबी) भी निर्माणाधीन है। इस वजह वजह से वहां स्थानीय लोगों द्वारा ट्रैक के बगल में बोल्डर रखकर दोपहिया वाहन पार किए जाते हैं। रविवार सात मई को भी आरपीएफ ने यहां दो लोगों को पकड़ा था और वहां ट्रैक पर रखे बोल्डर को हटाया गया था। इसके बाद रात में एक बार फिर से स्थानीय लोगों द्वारा ट्रैक पर बोल्डर रख दिया गया। बोल्डर टकराने की घटना के बाद सोमवार को रेल पथ निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस थाना विंध्याचल में रेलवे एक्ट की धारा के तहत जस्सा बगौरा के प्रधान के पति संतोष पटेल एवं अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया। एनसीआर के पीआरओ अमित मालवीय का कहना है कि आरपीएफ और जीआरपी के साथ इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों को ज्वाइंट नाइट पेट्रोलिंग करने को भी कहा गया है।