कश्मीर से आतंकवाद का खात्मा ही भाजपा का मिशन: स्वतंत्रदेव
पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, पार्टी के निर्णय देश के स्वाभिमान व सम्मान के लिए
चिलबिला में आयोजित बूथ सम्मेलन में उपचुनाव को लेकर भरा कार्यकर्ताओं में जोश
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 35 ए व 370 हटाकर मोदी सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया है। इसके बाद अब राज्य का तेजी से विकास होगा और बेहतरी आएगी। कश्मीर से आतंकवाद का खात्मा ही भाजपा का मिशन है।
यह बातें मंगलवार को चिलबिला स्थित श्रीराम वाटिका मेें आयोजित बूथ सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर महात्मा गंाधी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, बाबा साहब भीमराव आंबेडकर सहित देश के अन्य महापुरुषों का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में देश में का सर्वांगीण विकास हो रहा है। भाजपा वंशवाद से प्रेरित पार्टी नहीं है। यह देश के स्वाभिमान व सम्मान के लिए कार्य करती है। सरकार ने अपने निर्णयों एवं योजनाओं से इसे साबित कर दिखाया है।
उन्होंने कहा कि संगठन से जुड़े हर एक कार्यकर्ता को यहां मौका मिलता है। पार्टी ने कार्यकर्ता को प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री बनने तक का मौका दिया है। उपचुनाव को लेकर उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं। उनकी कर्मठता से ही पार्टी की दिशा तय होती है। पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आगाह किया कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को चेला न समझें। कार्यकर्ता चेला नहीं होता है, बल्कि देश का सेवक होता है। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र व संचालन अशोक मिश्र ने किया। इस अवसर पर काशी प्रांत के अध्यक्ष महेंद्र श्रीवास्तव, सांसद संगमलाल गुप्ता, विधायक धीरज ओझा, पूर्व जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी, केके सिंह, पूर्व विधायक बृजेश सौरभ, राजा अनिल प्रताप सिंह, रवि गुप्ता आदि मौजूद रहे।