अगले साल यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव में सपा और बसपा ने भले ही अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हो लेकिन बीजेपी अभी इससे कोसों दूर है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य की माने तो पार्टी अभी प्रत्याशी घोषित नहीं करेगी। उन्होंने बताया कि पार्टी ने अगर एक बार प्रत्याशी घोषित कर दिया तो उसे वह दोबारा नहीं बदलेगी। केशव का कहना है कि अन्य पार्टियां ताश के पत्ते की तरह बार-बार प्रत्याशियों को फेट रही हैं।
इलाहाबाद में बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बाद इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि यूपी चुनाव के मद्देनजर पार्टी जल्द ही प्रत्याशियों का चयन कर उनके नामों की घोषणा कर सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि सपा और बसपा ने विधानसभा की ज्यादातर सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरूआत में संभव है। इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अन्य दलों के मुकाबले पार्टी भले ही प्रत्याशी घोषित करने में थोड़ा समय ले, लेकिन एक बार अगर हमने प्रत्याशी घोषित कर दिया तोे उसे बदला नहीं जाएगा। उन्होंने सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इन दोनों दलों द्वारा भले ही प्रत्याशी घोषित कर दिए हो, लेकिन कई सीटों पर उन्हें बदला भी जा चुका है। जबकि भाजपा में ताश के पत्ते की तरह प्रत्याशी फेटे जाने की परंपरा नहीं रही है। उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा का टारगेट अब 265 प्लस नहीं बल्कि 300 प्लस का हो गया है। वहीं दूसरी ओर इस बात की भी चर्चा है कि अगले कुछ दिनों में सपा, बसपा और कांग्रेस के तमाम नेता भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। इसमें से कुछ विधानसभा चुनाव में टिकट के दावेदार भी हैं। ऐसे में बीजेपी प्रत्याशियों के चयन में विलंब कर सकती है।