म्योर रोड स्थित होटल के बाहर से भाजपा नेता पीयूष जायसवाल की चोरी हुई फॉर्च्यूनर कार महाराष्ट्र में बरामद कर ली गई है। सिविल लाइंस पुलिस ने शिवकुटी के रसूलाबाद निवासी मोहम्मद इश्तियाक उर्फ मोहम्मद शाह और कैंट के बेली गांव निवासी मोहम्मद आजम को नवी मुंबई के तलोजा स्थित एमआईडीसी ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में चालक आजम भी शामिल था। उसने एक लाख रुपये के बदले कार की डुप्लीकेट चाबी बनवाने और उसके खड़े होने की जगह बताने की बात तय की थी। वहीं एक अन्य आरोपी रहमान फरार है।
पुणे में रहने वाले इश्तियाक ने बताया कि नौ अक्तूबर को प्रयागराज आने पर उसकी मुलाकात आजम से हुई थी। उस समय आजम भाजपा नेता की फॉर्च्यूनर कार धुलवा रहा था। उसने बताया कि यह गाड़ी नेता पीयूष जायसवाल की है और इसे वह चलाता है।
इसके बाद इश्तियाक ने उसके साथ मिलकर कार चुराने की साजिश रची। इसके लिए आजम को एक लाख रुपये देने की बात तय हुई। आजम ने कार की डुप्लीकेट चाबी बनवाने और उसके खड़े होने की जगह बताने की जिम्मेदारी ली थी।
इसके बाद इश्तियाक मुंबई चला गया और 12 अक्तूबर को आजम ने काम छोड़ दिया। वापस आकर इश्तियाक ने आजम के साथ अपने परिचित रहमान से संपर्क किया और डुप्लीकेट चाबी तैयार कराई गई।
22 अक्तूबर को आजम ने कार की लोकेशन बताई और इश्तियाक ने डुप्लीकेट चाबी से कार खोल और लेकर भाग निकला। वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई थी।
रीवा में बदल दी थी नंबर प्लेट
आरोपी ने बताया कि कार चोरी करने के बाद वह नैनी, मेजा और कोरांव होते हुए रीवा पहुंचा। वहां मूल नंबर प्लेट (यूपी-32 एचक्यू-9596) निकालकर अपनी पुरानी फॉर्च्यूनर की नंबर प्लेट (एमएच-14 ईएच-7007) लगा दी। इसके बाद कटनी और समृद्धि हाईवे के रास्ते महाराष्ट्र पहुंच गया। आरोपी कार को बेचने की फिराक में थे।