कैबिनेट सचिव के पत्र को बताया प्रशासनिक मामला
भाजपा नेताओं ने कैबिनेट सचिव के पत्र को लेकर कहा कि इसका SIR या किसी नीतिगत निर्णय से संबंध नहीं था। उनके अनुसार यह एक अधिकारी की प्रतिनियुक्ति से संबंधित प्रशासनिक विषय था। भाजपा ने आरोप लगाया कि इस प्रशासनिक पत्र को राजनीतिक विवाद का रूप देने का प्रयास किया गया।
फॉर्म-6 और मीडिया रिपोर्ट का भी किया जिक्र
प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने एक समाचार पत्र में प्रकाशित रिपोर्ट का भी उल्लेख किया। उन्होंने रिपोर्ट को तथ्यहीन बताते हुए कहा कि फार्म-छह के घोषणापत्र को लेकर भी सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का हवाला दिया गया है। भाजपा के अनुसार निर्वाचन आयोग निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य कर रहा है।
श्रमिकों और वंचित लोगों के लिए विशेष शिविर
भाजपा नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित होने से बचाना है। इसके लिए श्रमिकों, बेघर लोगों और मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा पाने वाले पात्र नागरिकों के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं।
राहुल गांधी और विपक्ष पर संस्थाओं को लेकर निशाना
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह ने राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन पर राजनीतिक लाभ के लिए संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने पूर्व में दिए गए राजनीतिक बयानों का उल्लेख करते हुए ‘चौकीदार चोर है’ टिप्पणी के मामले में सर्वोच्च न्यायालय में माफी, विदेशों में भारतीय न्यायपालिका को लेकर दिए गए बयानों तथा सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और तवांग की घटना से जुड़े वक्तव्यों का जिक्र किया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से स्थिति स्पष्ट किए जाने के बाद कांग्रेस नेतृत्व को अपने आरोपों पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लगाए गए आरोपों को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष गंगापार निर्मला पासवान, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, जमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी गंगापार उमेश तिवारी, महानगर मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव और विवेक मिश्रा समेत पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।