वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार अंकित कुमार सिंह (27) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठा चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया।
लालगंज कोतवाली के बहुचरा निवासी अंकित कुमार सिंह रविवार शाम बाइक से गांव के ही अतुल सिंह (20) के साथ मानधाता थाना क्षेत्र के हरखपुर में प्रमोद कुमार सिंह के घर आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा था। मानधाता-विश्वनाथगंज मार्ग पर अकोढ़िया गांव के करीब सामने से आ रहे ट्रक से बचने के फेर में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से जा टकराई।
जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर विवाह वाले घर में मातम पसर गया। रोते-बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। आनन-फानन में दोनों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। यहां डाक्टरों ने अंकित को मृत घोषित कर दिया। बाइक सवार भाई अतुल की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। उसकी भी हालत चिंताजनक है।