प्रयागराज विकास समिति की ओर से मंगलवार को अखिल भारतीय राष्ट्रवादी कवि सम्मेलन और प्रतिभा सम्मान आयोजित किया गया। जिसमें शहीद सरदार भगत सिंह, साहित्यकार रवीन्द्र कालिया और जनकवि कैलाश गौतम को मरणोपरान्त ‘राष्ट्र गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। शहीद भगत सिंह का सम्मान उनके पौत्र अभितेज सिंह संधू ने ग्रहण किया। वहीं रवींद्र कालिया का सम्मान कवि यश मालवीय और कैलाश गौतम का सम्मान श्लैष गौतम ने प्राप्त किया। अभितेज को विशिष्ट अतिथि सम्मान प्रदान किया गया। कटरा स्थित एक गेस्ट हाउस में कार्यक्रम की शुरुआत न्यायमूर्ति पंकज मित्तल, राजेश कुमार, रविंद्र सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद श्यामा चरण गुप्त, केसर प्रसाद मौर्य, विनोद सोनकर, सांस्कृतिक केंद्र निदेशक गौरव कृष्ण बंसल और नगर आयुक्त देवेंद्र कुमार पांडेय शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर अभिलाषा गुप्ता ने की।
जूडो के 18 बच्चों ने एक्शन के माध्यम से वंदेमातरम प्रस्तुत किया। राष्ट्रवादी कवि सम्मेलन में कर्नल वीपी सिंह ने देश हवा-मिट्टी से बना है, गजेंद्र सोलंकी ने हर चेहरे पे हमको यहां मुस्कान चाहिए, अनिल चौबे ने नई नस्ल की नई फसल है... कविताएं सुनाकर वाह-वाही लूटी। अमित शर्मा ने खुद से लाना पड़ता है ये हौसला, ज्योति त्रिपाठी ने जर्रा-जर्रा कहता है जिसको वीरों की अमर कहानी और श्लेष गौतम ने युगों-युगों तक इस युग में भारत मां की शान रहे.. रचनाएं प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम के संयोजक आनंद अग्रवाल, संचालन योगी विवेक चैतन्य और आभार ज्ञापन पार्षद सोनिका अग्रवाल ने दिया।
इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में विशेष कार्य करने वाली हस्तियों को प्रयाग गौरव सम्मान से नवाजा गया। जिसमें रतन दीक्षित, अशोक चतुर्वेदी, सुरेश चंद्र त्रिपाठी, डॉ.डीबी सिंह, प्रमोद कुमार जैन, उर्मिला शर्मा, रईस चंद्र शुक्ल, डॉ. हेमलता पंत, डॉ. मधु वत्स, अभिन्न श्याम गुप्ता, देवराज पाठक, संजय अग्रवाल, मनोज रघुवंशी, आशीष कनौजिया, तनवीर जैदी, प्रवीन सिंह, अजीत सिंह कथौली, राहुल निषाद, दिव्यांशु जायसवाल, प्रांजलि शिवपुरी, वंशिका गुप्ता, सक्षम मिश्रा, शिवाक्षी गुप्ता, हदीस अली और अभिजीत कुमार शामिल हैं।