पुलिस से हुई थी जमकर धक्कामुक्की
बता दें कि नाबालिग नौकरानी को आत्महत्या के लिए उकसाने सहित दो मुकदमों में नामजद किए गए सपा विधायक जाहिद बेग बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे सीजेएम कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे थे। दोपहर 12.05 बजे एक गाड़ी न्यायालय के गेट नंबर-दो के पास आकर रुकी। गाड़ी में प्रयागराज के शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी संदीप यादव अपने वकीलों के साथ बाहर आए। वह सपा विधायक जाहिद बेग को लेकर तेजी से न्यायालय परिसर की ओर बढ़े।
पुलिस कर्मियों ने गेट पर ही विधायक को पकड़ने का प्रयास किया। विधायक और पुलिसकर्मियों के साथ कहासुनी और धक्कामुक्की हुई। यह देख कर अधिवक्ता सामने आ गए और पुलिसकर्मियों से उनकी बहस होने लगी। इसका फायदा उठाकर विधायक तेजी से सीजेएम कोर्ट की ओर बढ़ गए। फिर, दौड़ते हुए कोर्ट रूम में घुस गए। अधिवक्ताओं के चेंबर से न्यायालय परिसर में दाखिल होने के दौरान भी पुलिस ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया।