डीएम ने बेली अस्पताल का जाना हाल
प्रयागराज। तेज बहादुर सप्रू अस्पताल (बेली) का शुक्रवार को डीएम संजय खत्री ने औचक निरीक्षण किया और वहां की स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। डीएम ने अस्पताल के पीकू वार्ड, हड्डी रोक कक्ष, बाल शिशु, ओपीडी, डायलिसिस कक्ष, महिला एवं बाल रोग कक्ष सहित अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। साथ ही पीकू वार्ड में ऑक्सीजन, वेंटीलेटर, मॉनीटर और दवाईयों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए डीएम ने अस्पताल की अधीक्षिका को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
उन्होंने अस्पताल में प्रतिदिन बेडसीट बदलने और साफ -सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए ओपीडी में आने वाले मरीजों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद डीएम ने अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन, ईसीजी, डायलिसिस की क्रियाशीलता का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में सभी को अनिवार्य रूप से मास्क लगाने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।