सिविल लाइंस के सुंदरीकरण कार्य में किसी भी व्यापारी की निजी जमीन प्रभावित नहीं होगी। पत्थर नाला भी घुमावदार न होकर सीधा बनेगा। साथ ही सिविल लाइंस में हो रहे काम से संबंधित वैकल्पिक नक्शा तैयार कराके जल्द सुभाष चौराहा के पास लगाया जाए, ताकि इसके बारे में लोगों को भी पता चल सके। शनिवार को एडीए उपाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पांडेय से मिलने गए सिविल लाइंस व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों को उन्होंने यह आश्वासन दिया है।
पिछले सप्ताह एडीए और निगम का संयुक्त दस्ता पैलेस सिनेमा से सुभाष चौराहा के बीच सड़क किनारे निजी जमीन को खाली कराने पहुंचा था। व्यापारियों ने इसका विरोध किया था। सुंदरीकरण योजना में सड़क के हिस्से में दोनों तरफ निजी जमीन पर नाला, ग्रीनरी, ओपेन एयर थियेटर आदि की तैयारी की गई थी। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों ने जमीन के संबंधित कागजात भी दिखाए। इसके बाद शनिवार को उपाध्यक्ष से मुलाकात की। इस दौरान तय हुआ कि एडीए सुंदरीकरण योजना में किसी की निजी जमीन प्रभावित नहीं करेगा और उस पर बने चबूतरे और दीवारें भी नहीं तोड़ी जाएंगी। वीसी ने बताया कि पत्थर गिरजाघर से हनुमान मंदिर चौराहा तक मुख्य सड़क चौड़ी करने के साथ सीधे में ही नाला बनेगा। नाले के ऊपर पाथ-वे बनाया जाएगा। नाले को सरदार पटेल मार्ग होकर लाल बहादुर शास्त्री मार्ग तथा कूपर रोड होकर नवाब यूसुफ रोड स्थित मुख्य नाले से कनेक्ट किया जाएगा।
डॉ.जीएस दरबारी ने बताया कि वीसी श्री पांडेय ने निजी जमीन या सेडबैक में जनरेटर रखने पर सहमति जताई है। साथ ही आश्वासन दिया है कि दुकानों के सामने सड़क ऊंची नहीं की जाएगी। मार्ग पर जहां जमीन खाली मिलेगी, वहीं ग्रीनरी तैयार की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुशील खरबंदा, बलवीर कोहली, होटल-रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष सरदार जोगिंदर सिंह, नरेश रॉय, अनिल अग्रवाल आदि शामिल थे।