बेसिक शिक्षा परिषद ने पूरे वर्ष के लिए परीक्षा का कैलेंडर जारी किया
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद ने शैक्षिक सत्र 2019-20 परिषद के नियंत्रण में आने वाले विद्यालयों की अर्द्धवार्षिक और वार्षिक परीक्षाओं के कार्यक्रम जारी कर दिए हैं। परिषद ने अर्द्धवार्षिक घरेलू परीक्षाएं 14 से 23 अक्तूबर के बीच होंगी। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 24 एवं 25 अक्तूबर को पूरा करने के साथ 30 अक्तूबर एवं एक नवंबर को परीक्षाफल तैयार किया जाएगा। स्कूल की ओर से परीक्षाफल की घोषणा एवं परीक्षाफल का वितरण तीन नवंबर को होगा।
सचिव बेसिक शिक्षा परिषद रूबी सिंह की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि बीएसए कार्यालय से विकास खंड, संकुल विद्यालयों को समयसारिणी एक अक्तूबर तक भेज दी जाएगी। जनपद स्तर पर पहली से पांचवीं तथा छठीं से आठवीं तक के प्रश्नपत्रों का निर्माण पांच अक्तूबर को होगा। 11 अक्तूबर को डायट प्राचार्य जिले के सभी खंड शिक्षाधिकारियों को प्रश्नपत्र के पैकेट उपलब्ध कराएंगे। खंड शिक्षाधिकारी परीक्षा से दो दिन पहले 12 अक्तूबर तक प्रश्नपत्र के पैकेट विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को सौंपेंगे।
वार्षिक परीक्षाओं का भी कैलेंडर जारी, परीक्षाएं 16 मार्च से
सचिव बेसिक शिक्षा परिषद ने प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए वार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। वार्षिक परीक्षाएं 16 से 23 मार्च के बीच होंगी। उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 26 मार्च तक होगा। 28 एवं 29 मार्च को परीक्षाफल तैयार किया जाएगा। स्कूल की ओर से परीक्षाफल की घोषणा एवं परीक्षाफल का वितरण 30 मार्च को होगा। सचिव रूबी सिंह की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि दो मार्च को जनपद स्तर से विकास खंड एवं संकुल विद्यालय को परीक्षा का कार्यक्रम भेजा जाएगा। तीन मार्च को प्रश्नपत्र तैयार करने, सात मार्च तक प्रश्नपत्रों की छपाई के साथ उसे डायट प्राचार्य की निगरानी में रखा जाएगा। 12 मार्च को डायट प्राचार्य प्रश्नपत्रों को खंड शिक्षाधिकारियों को उपलब्ध करवा देंगे। परीक्षा शुरू होने से दो दिन पहले खंड शिक्षाधिकारी प्रश्नपत्र प्रधानाध्यापकों को सौपेंगे।