घूस लेने के आरोप में बारा तहसील में तैनात पेशकार आनंद प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया गया है। वीडियो वायरल होने के बाद डीएम नवनीत सिंह चहल ने सोमवार को यह कार्रवाई की और एसडीएम बारा को जांच सौंपी। आरोपी कर्मचारी को कलेक्ट्रेट से संबद्ध कर दिया गया है।
तहसीलदार के पेशकार आनंद प्रताप सिंह का घूस लेते हुए वीडियो वायरल हुआ था। इसमें कर्मचारी एक लिफाफा लेकर बैग में रख रहा है। आरोप है कि लिफाफे में नकद राशि थी। हालांकि, वीडियो में घूस देने वाले की तस्वीर नहीं आई है।
आनंद के खिलाफ लिखित में भी शिकायत की गई है। डीएम के यहां शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आनंद पैसा लेकर ही काम करते हैं। डीएम ने इसे संज्ञान में लेते हुए वीडियो की सत्यता की जांच एसडीएम को सौंपी है। वहीं,लिखित में आई शिकायत की एडीएम प्रशासन को सौंपी गई है। डीएम ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तब तक के लिए आनंद को जिला मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।