डा. एके बंसल की हत्या के विरोध में इलाहाबाद बंद के निर्णय से व्यापारी पीछे हट गए हैं। डा. बंसल के कातिल की गिरफ्तारी की मांग को लेकर व्यापारियों ने बृहस्पतिवार से इलाहाबाद बंद करने का मूड बनाया था। इस संबंध में व्यापारी नेताओं ने एक बैठक भी की। बैठक में इलाहाबाद बंदी का निर्णय रविवार तक के लिए टाल दिया गया। कहा गया कि व्यापारी डा. बंसल के हत्यारों की गिरफ्तारी होने तक अपना आंदोलन जारी रखेंगे। इस दौरान व्यापारियों ने अगले तीन दिन तक होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय कर दी।
सिविल लाइंस स्थित एक होटल में प्रयाग व्यापार मंडल के बैनर तले हुई बैठक में कहा गया कि अभी इलाहाबाद बंद का निर्णय रविवार तक के लिए टाला जा रहा है। तर्क दिया गया कि एसएसपी इलाहाबाद ने डा. बंसल के हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए अभी कुछ वक्त मांगा है। इसलिए उन्हें अभी थोड़ा वक्त दिया जा रहा है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय अरोरा, जिलाध्यक्ष मो. कादिर आदि की मौजूदगी में तय किया अगले तीन दिन व्यापारी आंदोलन करेंगे। इस दौरान शुक्रवार को शहर की सभी दुकानों पर काले स्टीकर/पोस्टर लगाएं जाएंगे। इसमें लिखा रहेगा कि डा. बंसल के हत्यारों की गिरफ्तारी तुरंत की जाए।
शनिवार को घंटाघर चौराहे पर शाम चार बजे व्यापारी काला दिवस मनाएंगे। इसी क्रम में रविवार को इलाहाबाद ब्लड बैंक के बाहर 24 घंटे का सामूहिक उपवास किया जाएगा। इसमें आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। बैठक के अंत में व्यापारियों ने डा. बंसल के लिए दो मिनट का मौन भी रखा। बैठक में अरुण केसरवानी, राणा चावला, सरदार जोगिंदर सिंह, सुशील खरबंदा, अजीत सिंह, रणवीर सिंह, अतुल केसरवानी, सुरेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।