इसी गाड़ी से कुचलकर बैंक कर्मचारी की मौत हुई है।
- फोटो : अमर उजाला।
खुल्दाबाद के नुरूल्ला रोड स्थित निराला स्वीट हाउस के पास सोमवार सुबह नगर निगम के कूड़ा वाहन ने बाइक सवार बैंक मैनेजर अबरार अहमद (36) को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के वक्त वह अपनी पत्नी और ढाई साल की बेटी को सिविल लाइंस बस अड्डे पर छोड़कर घर लौट रहे थे। खुल्दाबाद थाना पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेने के साथ करैला बाग निवासी आरोपी चालक सोनू भारतीया पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
करेली के 60 फीट रोड के रहने वाले अनीश अहमद रेलवे विभाग से सेवानिवृत्त हैं। इनके बेटे अबरार साउथ मलाका स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे, जबकि पत्नी शैलो प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित एक स्कूल में शिक्षिका हैं। रोजाना तरह पत्नी को बस से कुंडा जाना था। सुबह करीब 6:30 बजे अबरार शैलो और बेटी को बाइक से सिविल लाइंस बस अड्डे पर छोड़ने गए थे।
लौटते वक्त नुरूल्ला रोड स्थित निराला स्वीट हाउस के पास नगर निगम के कूड़ा वाहन ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना दर्दनाक था कि उनके सिर के ऊपर वाहन का टायर चढ़ गया जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।