जिला न्यायालय ने दुष्कर्म के अलग-अलग मामलों में आरोपी बब्बू, शिवाकांत और पवन कुमार की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। यह आदेश विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट आलोक कुमार शुक्ल ने एडीजीसी राजेश कुमार गुप्ता को सुन कर दिया है। प्रकरण शंकरगढ़, कोराव और सोरांव थाने का है। अभियुक्तों पर नाबालिग लड़कियों को बहला फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप है। अपराध की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने अभियुक्तों को जमानत देने से इंकार कर दिया और जमानत अर्जी खारिज कर दी है।
कचहरी में पीने के पानी का संकट
जिला न्यायालय परिसर में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं होने से संकट उत्पन्न हो गया है। संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष सुशील यादव, विकास गुप्ता, बृजेश यादव, हर मंगल सिंह, अभिषेक श्रीवास्तव सहित एक दर्जन अधिवक्ताओं ने जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष मंत्री और एल्डर कमेटी को पत्र लिखकर परिसर में पीने के पानी की किल्लत की ओर ध्यान दिलाया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि पीने के पानी की तत्काल व्यवस्था की जाए। उन्होंने परिसर में सफाई कराने की भी मांग की है। वकीलों का कहना है कि सुबह 10 से शाम पांच बजे बजे तक न्यायालय में सुनवाई की जा रही है और परिसर में वाटर कूलर नहीं है। नलों में भी पानी नहीं आ रहा है। जिला जज की ओर से भी अभी तक पानी का प्रबंध नहीं किया गया है । न्यायालय परिसर के बाहर घड़े भी नहीं रखे गए हैं। लाकडाउन के चलते कचहरी परिसर के अंदर व बाहर दुकानें नहीं खुलने से भी वकीलों के लिए पानी का संकट है
अधिवक्ता संघ को मिला डेढ़ हजार मास्क
प्रयागराज हाईकोर्ट के अधिवक्ता अजीत कुमार ने जिला अधिवक्ता संघ को डेढ़ हजार मास्क दिए हैं। जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष कृष्ण बिहारी तिवारी ने बताया कि वकीलों को संक्रमण से बचाव के लिए हाईकोर्ट के अधिवक्ता अजीत कुमार ने मंगलवार को जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष हरि सागर मिश्र को डेढ़ हजार मास्क प्रदान किया है। उनका कहना है कि कुछ अधिवक्ताओं को तत्काल मास्क दिया गया और बुधवार को सुबह कोर्ट खुलने पर जिला जज गेट के पास वकीलों को मास्क वितरित किया जाएगा।