हाईकोर्ट ने हत्या के आरोपियों को जमानत देने से किया इन्कार
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या के तीन आरोपियों को जमानत देने से इन्कार कर दिया है। यह आदेश न्यायमूर्ति नलिन कुमार श्रीवास्तव ने अरविंद, राजू व योगेंद्र की जमानत अर्जियों पर दिया। गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र के पारसनाथ ने पिता राम औतार की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप लगाया कि उनकी भैंस खो गई थी। उनके पिता गांव में उसे खोज रहे थे। इसी दौरान आरोपी रास्ते में मिल गए और पिता ने भैंस के संबंध में पूछा तो आक्रोशित होकर उन पर हमला कर दिया। वहीं, इलाज के दौरान पिता की अस्पताल में मौत हो गई।
आवेदकों के अधिवक्ता ने दलील दी कि अपराध करने का कोई कारण नहीं है। इस मामले में आवेदकों को झूठा फंसाया गया है। वहीं, प्रतिवादी वकील अश्वनी कुमार श्रीवास्तव ने दलील दी कि चिकित्सा रिपोर्ट आरोपों का समर्थन करती हैं। मृत्यु सिर पर लगी चोट की वजह से हुई है। जमानत खारिज करने की प्रार्थना की।