पवन महाराज बोले- केस वापसी की अर्जी देना कोई गलत नहीं
पवन महाराज के बड़े हनुमान मंदिर की पूजा, आरती की व्यवस्था वापस ले ली गई है। साथ उनसे मठ का कमरा भी खाली करा लिया गया है। पवन महाराज ने रविवार को बताया कि उन्होंने सबकुछ हनुमान जी पर छोड़ दिया है। मंदिर और मठ से हटाए जाने के सवाल पर उनका कहना था कि केस वापसी की अर्जी देना कोई गलत नहीं है। इसलिए कि उन्होंने किसी के खिलाफ नामजद एफआईआर कराई ही नहीं है। ऐसे में कोर्ट में हलफनामा दाखिल करना गुनाह नहीं माना जा सकता। पवन महाराज फिलहाल बाहर चले गए हैं। वह भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
अखाड़ा परिषद में पहुंचा मठ का विवाद, प्रयागराज आ सकते हैं अध्यक्ष रवींद्र पुरी
निरंजनी अखाड़े के बड़े हनुमान मंदिर और बाघंबरी गद्दी मठ में शुरू हुए विवाद की जानकारी अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी को दे दी गई है। हरिद्वार पहुंचे बाघंबरी मठ के महंत बलवीर गिरि ने घटनाक्रम से अखाड़ा परिषद अध्यक्ष को अवगत कराया है। विवाद को देखते हुए परिषद के अध्यक्ष रवींद्र पुरी जल्द ही प्रयागराज आ सकते हैं।