अतरसुइया में हुई वारदात, दरोगा की सक्रियता से बची जान
सात-आठ अज्ञात लोगों पर केस, पुलिस चिह्नित करने में जुटी
प्रयागराज। अतरसुइया के रानीमंडी में बुधवार को बच्चा चोर कहकर भीड़ ने क्रीम कंपनी का प्रचार करने पहुंची चार महिलाओं को घेर लिया। गनीमत रही कि सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और किसी तरह महिलाओं को बचाकर थाने लाई। मामले में शाम को सात-आठ अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि उन्हेें चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना दोपहर में हुई। नैनी निवासी सुषमा जयसवाल पत्नी राजेंद्र जयसवाल ने बताया कि वह एफएमसीजी कंपनी में प्रमोटर के रूप में काम करती है। बुधवार को वह अपनी सहकर्मियों अल्का निवासी मीरापुर, सुकन्या निवासी मुट्ठीगंज व कंचन प्रजापति निवासी अतरसुइया के साथ क्रीम का प्रचार करने हसन मंजिल मोहल्ले में पहुंची थी। वहां सात-आठ वर्षीय एक बच्ची को देख उससे पूछा कि वह कौन सी क्रीम लगाती है। दरअसल कंपनी के आदेश के मुताबिक, क्रीम इस्तेमाल करने वालों को क्रीम का पैकेट देकर उनके साथ फोटो खिंचानी थी। तभी बच्ची वहां से भागकर अपने घर पहुंची। इसके बाद सात-आठ लोग आए और चारों को घेरकर बच्चा चोर का शोर मचाकर गालीगलौच करने लगे। इसी दौरान सूचना मिली तो चौकी प्रभारी अजीत कुमार हमराहियों संग मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिलाओं को बचाकर थाने लाए। जिसके के बाद उनकी तहरीर के आधार पर सात-आठ अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की गई। इंस्पेक्टर जयचंद शर्मा ने बताया कि अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है।