सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की जयंती के मौके पर कहा कि डा. आंबेडकर किसी खास दल के नहीं, बल्कि सवा सौ करोड़ भारतीयों के हैं। समाज में जो पीछे छूट गया, उसे आगे कैसे लाया जाए, इसके लिए उन्होंने काम किया। अन्याय एवं कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष कर एक प्रगतिशील भारत की नींव रखी। ताकि सभी को समान अधिकार और सम्मान मिले।
हाईकोर्ट चौराहे पर आयोजित भाजपा महानगर की ओर से डा. आंबेडकर जयंती के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल डिप्टी सीएम ने नारा लगाया कि कि ‘बाबा साहब का स्वप्न अधूरा, मोदी और योगी करेंगे पूरा’। कहा कि सबका साथ एवं सबका विकास तभी होगा जब हम बाबा साहब के बताए रास्ते पर चलेंगे। केंद्र में पीएम मोदी और प्रदेश में सीएम योगी उसी रास्ते पर चल रहे हैं। डा. आंबेडकर के बहाने केशव मौर्य ने विपक्षी दलों पर भी निशाना साधा। कहा कि प्रदेश एवं देश की राजनीति में हाशिए पर चले गए राजनीतिक दल वोट बैंक की राजनीति के चलते सामाजिक एकता एवं सद्भाव को बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस, सपा और बसपा को चेतावनी देते हुए कहा कि बाबा साहब पूरे देश के हैं, ना कि इन पार्टियों के। कोई अन्य पार्टी बाबा साहब का नाम ले तो इन लोगों के पेट में दर्द होने लगता है। कार्यक्रम में प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने कहा कि विचारों को सही अर्थ में समझने की आवश्यकता है। बाबा साहब ने भेदभाव विहीन समाज की परिकल्पना की थी। उन्होंने सामाजिक विषमता दूर करके समरसता समाज में स्थापित कर समतामूलक समाज के निर्माण में महती भूमिका निभाई है ।
इसके पूर्व डिप्टी सीएम केशव और चिकित्सा शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन ने भारत रत्न डा. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर समाज में विशेष योगदान के लिए दलित समाज के श्याम चंद्र हेला, सुरेश चंद्रा, आनंद सोनकर, कमलेश कुमार, जगमोहन आर्या ,यशवंत सोनकर, छाया देवी, विजय कुमार, बृजमोहन लाल ,सावन जोगी ,श्याम चंद्र हेला, अशोक कुमार हेला, संदीप बाल्मीकि, सुरेंद्र चौधरी आदि को सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, अरुण अग्रवाल, सुबोध सिंह, दीपक पटेल, राजू शुक्ला, मुरारी लाल अग्रवाल, रतन दीक्षित, अनीता सचान, विशाल अग्रवाल, अनामिका चौधरी, पदुम जायसवाल, शिवेंद्र मिश्र, पवन श्रीवास्तव, मनोज कुशवाहा आदि मौजूद रहे।
हाईकोर्ट चौराहे के पास चल डा. आंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के भाषण के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई। इस वजह से माइक बंद हो गया। माइक बंद होते ही पार्टी नेताओं में खलबली मच गई। हालांकि डिप्टी सीएम ने अपना भाषण बंद नहीं किया और वे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते रहे।