विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की कई टोली रविवार को शहर के तमाम मोहल्लों में घूमी। पांच अगस्त को अयोध्या में भूमि पूजन को लेकर विहिप कार्यकर्ताओं ने लोगों से पूजन कार्यक्रम के दौरान घर में सुंदरकांड का पाठ, कीर्तन, भजन व सायंकाल दीपोत्सव मनाने का आग्रह किया। विहिप पदाधिकारी लालमणि तिवारी के नेतृत्व में पंचायती अखाड़ा, राम जानकी मंदिर, कीडगंज में बीच वाली सड़क, रामबाग, बाईकाबाग, कोठापरचा, मुट्ठीगंज, बलुआघाट, मीरापुर, करेली, राजापुर, तेलियरगंज, सुलेमसराय, ट्रांसपोर्ट नगर, बमरौली, सिविल लाइंस, दारागंज, जार्जटाउन आदि स्थानों पर जन जागरण व संपर्क अभियान चलाया।
इसी क्रम में कीडगंज, बैरहना रामबाग, मुट्ठीगंज में विहिप के प्रांत समिति सदस्य विनोद अग्रवाल, विभाग मंत्री अमर नाथ तिवारी, बजरंग दल सहसंयोजक प्रयाग महानगर अमित सिंह, आनंद सागर दुबे ,संजय श्रीवास्तव, प्रेमचंद गुप्ता, नितिन भारद्वाज आदि कार्यकर्ताओं ने घर-घर पत्रक पहुंचाएं। वहीं भाजपा के कार्यकर्ताओं ने बहादुरगंज स्थित शिव मंदिर में 5 अगस्त को होने वाले श्रीराम जन्मभूमि के भूमि पूजन कार्यक्रम की सफलता को लेकर के भगवान भोलेनाथ से कामना की।
यहां मोनू गुप्ता, भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी एवं मुट्ठीगंज मंडल अध्यक्ष किशोरी लाल जायसवाल ने पूरे विधिविधान के साथ वैदिक मंत्रोचार के साथ पूजन अर्चन किया। पूजन के बाद राजेश ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वार भगवान श्रीराम की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर के निर्माण हेतु भूमि पूजन का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो एवं जो भी बाधाएं आने वाली हो वह टल जाए, इसी कामना के साथ पूजन अर्चन किया गया। इस अवसर पर परमानंद वर्मा, अभिलाष केसरवानी ,अजय अग्रहरि, आलोक वैश्य ,गोविंद जी गुप्ता, दीपक शर्मा, दीपक केसरवानी आदि उपस्थित रहे।