शक्ति प्रदर्शन को लेकर जमकर जूतम पैजार, मची भगदड़
सहसों में आयोजित कांग्रेस के संविधान सम्मान समारोह में उस समय भगदड़ मच गई जब फूलपुर उपचुनाव के दावेदारों के समर्थकों के बीच मारपीट शुरू हो गई। फूलपुर विधानसभा का उप चुनाव होना है। इस सीट पर कांग्रेस ने दावेदारी ठोकी है। इसके लिए कई दावेदार जोरआजमाइश कर रहे हैं। रविवार को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय की मौजूदगी में दावेदारों के समर्थकों में जंग छिड़ गई। दोनों तरफ से लात, घूंसे के साथ कुर्सियां टकराने लगीं। इससे सभास्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा मोना को मंच से उतकर बीच बचाव के लिए जाना पड़ा। आराधना ने दोनों पक्षों को शांत कराने के बाद उनके साथ ही नीचे कुर्सी पर बैठीं। इसके बाद मामला शांत हुआ। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है।