इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में सत्र आरंभ होने के साथ स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। बीए, बीएससी और बीकॉम के साथ बीपीए, बीएफए आदि पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। बीए और बीएससी की कटऑफ के साथ काउंसलिंग की तिथि सोमवार को घोषित कर दी जाएगी। बीकॉम के लिए काउंसलिंग की तिथि पहले ही घोषित हो चुकी है। काउंसलिंग और प्रवेश मंगलवार से होंगे। बीकॉम में प्रवेश के लिए पहले दिन पांच जुलाई को सभी वर्ग के 305 या इससे अधिक अंक पाने वाले अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। इसके बाद आठ जुलाई को 290 या इससे अधिक अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं की काउंसलिंग तथा प्रवेश होंगे।
हालांकि परास्नातक, डीफिल, विधि तथा अन्य पाठ्यक्रमों में दाखिले में अभी वक्त लगेगा। परास्नातक प्रवेश परीक्षा के रिजल्ट अभी घोषित नहीं हुए हैं तो डीफिल में दाखिले के लिए दोबारा परीक्षा होगी। एलएलबी तीन वर्षीय और बीएएलएलबी पांच वर्षीय पाठ्यक्रम की मान्यता पर अभी बार काउंसिल ऑफ इंडिया की स्वीकृति का इंतजार है। उसके बाद प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी।
लाने होंगे निमभन दस्तावेज
बीकॉम की काउंसलिंग में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को प्रवेश पत्र, टीसी की मूल प्रति, हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के अंकपत्र की मूल एवं फोटो प्रति, जाति प्रणाम पत्र, अन्य लाभ के दावे के पक्ष में दस्तावेज की मूल एवं फोटो कॉपी, पासपोर्ट साइज के दो रंगीन फोटोग्राफ्स और फीस साथ में लानी होगी। सामान्य और ओबीसी कैटेगरी के विद्यार्थियों की फीस 924 तथा एससी एवं एसटी की 180 रुपये है।
पीजी में दाखिले की राह होगी आसान
बोर्ड और विश्वविद्यालय की परीक्षाओं के रिजल्ट घोषित होने के साथ छात्र-छात्राओं की दाखिले की दौड़ भी शुरू हो गई है। कम सीट होने की वजह से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए भटकना पड़ेगा। हालांकि, परास्नातक कोर्सेज में दाखिला लेने के इच्छुक इलाहाबाद के युवाओं की राह अब आसान होगी। दाखिले के लिए उन्हें बहुत नहीं भटकना पड़ेगा। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के संघटक कालेजों में भी आगामी सत्र में परास्नातक की पढ़ाई होगी। विश्वविद्यालय के साथ कालेजों में भी प्रवेश की प्रक्रिया शुरू होगी। इनके अलावा इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय में भी आगामी सत्र से परास्नातक की पढ़ाई शुरू होगी। जल्द ही इसके लिए आवेदन लिए जाएंगे।