यूपी एटीएस ने जाली नोटों के वांछित तस्कर राहुल यादव को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। वह प्रयागराज के दारागंज थाने में दर्ज मुकदमे में दो साल से वांछित था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। एटीएस के आईजी जीके गोस्वामी ने बताया कि दो साल पूर्व पश्चिम बंगाल के बप्पा शेख को प्रयागराज में अलोपीबाग से गिरफ्तार किया गया था। जिसके कब्जे से 3.40 लाख रुपये के जाली नोट बरामद किए गए थे। पूछताछ में उसने बताया था कि वह यह नोट बिहार के राहुल यादव को देने आया था। जो इससे पहले भी उससे जाली नोट मंगा चुका है।
इस बार वह कुंभ मेले में नकली नोट खपाने की तैयारी में था। जिसके बाद दारागंज पुलिस ने राहुल का भी नाम मुकदमे में दर्ज कर उसे वांछित किया था। जानकारी पर पता चला कि वह बिहार के वेस्ट चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव का रहने वाला है और नकली नोटों की तस्करी में लंबे समय से लिप्त है। जाली नोटों को वह यूपी और बिहार में खपाता था। काफी तलाशने के बाद भी पता न चलने पर हाल ही में राहुल पर पुरस्कार घोषित किया गया था। राहुल मूल रुप से बिहार के वेस्ट चंपारण जिले के मझौलिया थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव का रहने वाला है। सोमवार को सटीक सूचना पर वाराणसी से उसे गिरफ्तार किया गया। जिसके बाद उसे दारागंज पुलिस को सौंप दिया गया। दारागंज इंस्पेक्टर ने बताया कि आरेापी को जेल भेज दिया गया है।