लगातार तीसरे दिन भी शहर के अधिकांश एटीएम बंद रहे। जहां एटीएम खुले भी वहां घंटे भर में ही खाली हो गए। शहर के सभी एटीएम का यही हाल रहा। सरकारी दावों के बाद भी एटीएम की सेवाएं ध्वस्त रहीं। बैंकों एवं एटीएम में कैश खत्म होने से लोगों के जरूरी काम थम गए हैं।
शिवनगर अल्लापुर में दोपहर दो बजे एचडीएफसी के एटीएम पर कैश वैन पहुंची। वैन के पहुंचते ही लोग लाइन में लग गए। लोगों की इतनी भीड़ उमड़ी की कैश तीन बजते-बजते खत्म हो गया। मटियारा रोड अल्लापुर के एक्सिस बैंक के एटीएम पर चार बजे कैश डाला गया, वह भी पांच बजने से पहले खत्म हो गया। लाइन में लगे अनिल कुमार तिवारी, रिंकू सिंह और पंकज मिश्र ने बताया कि सुबह से ही एक एटीएम से दूसरे एटीएम का चक्कर लगा रहे हैं। शाम पांच बजे तक पैसा नहीं मिला है।
एसबीआई त्रिवेणी शाखा के सहायक महाप्रबंधक एके गुप्ता ने बताया कि बैंक आने वाले हर व्यक्ति को पैसा उपलब्ध कराने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि आम दिनों से 20 गुना अधिक लोगों के बैंक आने से समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने बताया कि देर रात तक बैंक में डाटा फीडिंग का काम चलता रहता है।
इलाहाबाद बैंक में आने वाले लोगों को दो हजार की नई नोट के साथ 10 एवं 20 नोट दी गई। इलाहाबाद बैंक के मदनजी उपाध्याय ने बताया कि लोगों की भीड़ के बाद भी कोई परेशानी नहीं हुई। एटीएम में कई बार पैसा खत्म हुआ। इससे लोगों का धैर्य जवाब देता रहा।
पीएनबी संगम प्लेस सिविल लाइंस में दोपहर 12 बजे से पहले ही कैश खत्म हो गया। बैंक पहुंचने वाले लोगों को परेशान होना पड़ा। पीएनबी के एटीएम पहले की तरह ही लोगों को परेशान करते रहे। कीडगंज स्थित पीएनबी के एटीएम में पैसा नहीं मिलने से लोगों ने हंगामा किया।