प्रयागराज में गिराई जा रही पूर्व सांसद अतीक अहमद की बिल्डिंग।
- फोटो : अमर उजाला
अतीक पर दोहरी मार पड़ी है। मंगलवार को पीडीए ने उनका आलीशान घर ढहा दिया। अब घर ढहाने में हुए खर्च को भी अतीक से वसूलने की तैयारी है। पीडीए अब तक अतीक और उसके गुर्गों के खिलाफ हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई का ब्योेरा जुटा रही है। मजदूरों की प्रतिदिन के हिसाब से मजदूरी और प्रतिघंटे के हिसाब से जेसीबी के किराये का लेखा जोखा तैयार किया जा रहा है। एक अनुमान के मुताबिक कार्रवाई में अब तक तकरीबन 25 लाख का खर्च हुआ है।
अतीक अहमद और उसके गैंग के खिलाफ पीडीए ने पांच सितंबर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले सिविल लाइंस में अतीक के साढ़ू इमरान का मद्रास होटल ढहाया गया। इसके बाद सात सितंबर को नवाब यूसुफ रोड पर अतीक का गोदाम ढहा दिया गया। नौ सितंबर से अतीक झूंसी स्थित कोल्ड स्टोरेज को ढहाने की कार्रवाई शुरू की गई।
10 सितंबर को अतीक के करीबी असद की करेली के बाजूपुर गांव में की गई प्लाटिंग को ढहाया गया। 11 सितंबर को मेंहदौरी में अतीक के चचेरे भाई हमजा की संपत्तियों पर बुल्डोजर चलाया गया। 12 सितंबर को सिविल लाइंस में हाईकोर्ट हनुमान मंदिर के पास अतीक के दो मंजिला व्यवसायिक भवन को ध्वस्त करा दिया गया। 13 सितंबर को लूकरगंज में अवैध निर्माण को हटाया गया। 20 सिंतबर को करबला स्थित कार्यालय के एक हिस्से से अतिक्रमण हटाया गया। 22 सितंबर को अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए चकिया स्थित उसके आलीशन आशियाने को ढहा दिया गया। एक अनुमान के मुताबिक अब तक लगभग तीन सौ करोड़ की संपत्तियों पर जेसीबी चलाया गया।
पीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि अतीक और उसके गुर्गों के खिलाफ जो कार्रवाई हुई है, उसमें जो खर्च हुआ है। उसे भी अतीक एंड कंपनी से ही वसूला जाएगा। अब तक की सारी कार्रवाइयों का लेखा जोखा तैयार हो रहा है। एक मजदूर की दिन भर की मजदूरी तकरीबन 500 रुपये है। जेसीबी का प्रति घंटे किराया एक हजार है। कार्रवाइयों पर अब तक लगभग 25 लाख खर्च आया है। हिसाब तैयार करने के बाद अतीक को जुर्माना जमा करने की नोटिस दी जाएगी।
रहीमाबाद में अतीक ने खरीदा था करोड़ों का खेत, कुर्क होगा
कौशाम्बी के पिपरी थाना क्षेत्र में स्थित रहिमाबाद इलाके में अतीक ने करोड़ों रुपये खेत खरीदे थे। अब खेत कुर्क करने की रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है। रहिमाबाद के पास एयरपोर्ट और कई बड़े शैक्षिक संस्थान होने के कारण वहां की जमीने काफी मंहगी हैं। पुलिस की जांच में पता चला कि वहां अतीक अहमद की करोड़ों की जमीन है जिन्हें खेती वाली जमीन दर्शाया गया है। इसकी रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने अतीक के खेत को कुर्क करने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेज दी है। डीएम की स्वीकृति मिलते ही कार्रवाई की जाएगी।