साहित्यकार भूमिका द्विवेदी के गाजियाबाद स्थित डीएलएफ कालोनी आवास पर फिर हमला किया गया। अज्ञात बदमाशों ने 23 सितंबर की रात उनके घर के बाहरी हिस्से में आग लगा दी। मुहल्ले वालों की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक फर्नीचर समेत काफी सामान जल गया। आग बुझाने के दौरान उनकी मां को भी चोटें आईं। इस मामले की शिकायत गाजियाबाद पुलिस के साथ साथ इलाहाबाद के एसएसपी और एसटीएफ को भी की गई है।
भूमिका 23 सितंबर को गाजियाबाद स्थित डीएलएफ कालोनी में अपनी मां के साथ थीं। देर रात कुछ लोगों ने घर के बाहरी हिस्से में आग लगा दी। आग घर के बिजली के मीटर तक पहुंची तो और विकराल हो गई। मुहल्ले में किसी ने देखा तो शोर मचाकर भूमिका और उनकी मां को जगाया। मोहल्ले वालों की मदद से आग पर कुछ देर में काबू पा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था, कुछ लोगों ने कोई जलती हुई चीज कार पर फेंकी थी ताकि कार जल जाय लेकिन आग घर के मीटर तक पहुंच गई। आग से पूरा फर्नीचर जल गया। भूमिका की मां को भी इसी दौरान काफी चोट आ गईं।
भूमिका द्विवेदी का कहना है कि घर में दो महिलाएं हैं। हम बेहद डरे हुए हैं। मेरे आवास पर पहले आठ सितंबर को फिर 23 सितंबर को हमला किया गया। आठ सितंबर वाले मामले में भी अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। 24 सितंबर को उन्होंने गाजियाबाद पुलिस को वारदात की सूचना दी। चूंकि मामला इलाहाबाद से जुड़ा हुआ है, इसलिए इलाहाबाद के एसएसपी को फोन किया गया। उनके पीआरओ ने फोन उठाया तो उन्हें पूरी जानकारी दे दी गई। इलाहाबाद एसटीएफ को भी पूरी जानकारी मेल कर दी गई है। हमलावर कौन हैं, वह नहीं जानती लेकिन उनकी जान को खतरा है। भूमिका का कहना है कि यदि पुलिस प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की तो उनके साथ कोई भी बड़ी घटना हो सकती है।