मैं नैनी सेंट्रल जेल से खान मुबारक बोल रहा हूं। बहुत पैसा कमा लिए हो, पांच लाख रुपये की रंगदारी नहीं दी तो बम से उड़ा दिए जाओगे। मंगलवार दोपहर को एक अनजान नंबर से पूर्व विधायक बारा डॉ. अजय कुमार को यह धमकी दी गई। पूर्व विधायक ने तत्काल इसकी सूचना नैनी पुलिस को दी। पूूर्व विधायक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते 24 घंटे के अंदर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
थाना क्षेत्र के दाउदनगर मोहल्ले के रहने वाले डॉ. अजय कुमार बारा विधानसभा से दो बार विधायक रह चुके हैं। वह पूर्व प्रमुख चाका व एससी एसटी आयोग के सदस्य भी रह चुके हैं। मंगलवार दोपहर उनके फोन पर एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने बताया कि मैं नैंनी सेंट्रल जेल से खान मुबारक बोल रहा हूं। इसके बाद उसने धमकी देते हुए उनसे पांच लाख रुपये की रंगदारी की मांग की।