ओम प्रकाश राजभर द्वारा असदुद्दीन ओवैसी और सपा के बीच गठबंधन को लेकर दिए गए बयान पर राज्य सरकार के प्रवक्ता और कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ ने सपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर के बयान से यह साबित हो गया है कि ओवैसी बीजेपी की नहीं, बल्कि सपा की बी टीम है। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा है कि जो सच था वह अब लोगों के सामने आ गया है।
अपने आवास पर संवाददाताओं से हुई बातचीत में सिद्धार्थ नाथ ने कहा कि सपा और एआईएमआईएम व अन्य दल एक साथ मिलकर प्रदेश में सांप्रदायिकता का माहौल बना रहे हैं। ओवैसी तो सांप्रदायिकता फैलाने के माहिर है। सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा है कि यूपी चुनाव में ओवैसी सांप्रदायिक नौटंकी आगे भी करेंगे। आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह की अखिलेश यादव से हुई मुलाकात पर भी तंज कसते हुए उन्होंने कहा है कि सभी विपक्षी दल यह अच्छी तरह से जान चुके हैं कि बीजेपी को हराना नामुमकिन है। भाजपा के खिलाफ बबुआ और बुआ पहले भी गठबंधन कर चुके हैं।
उसका नतीजा क्या रहा वह लोग जानते हैं। सभी विपक्षी पार्टियां एक साथ मिलकर भारतीय जनता पार्टी से लड़ना चाहती हैं। भले ही विपक्षी पार्टियां भी एक साथ हो लेकिन वह भाजपा का विजय रथ नहीं रोक सकेंगी। उधर प्रयागराज प्रवास के दौरान सिद्धार्थ नाथ ने शहर पश्चिमी में जनसंवाद कर उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं का फीडबैक जनता से लिया। वह तमाम लोगों के घर भी गए। इस दौरान अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का भी उन्होंने जायजा लिया। इस अवसर पर पार्षद अखिलेश सिंह, मिथिलेश सिंह, दिनेश तिवारी आदि मौजूद रहे।