सेवा केंद्र से सात लाख की डकैती करने वाला गिरफ्तार
पचास हजार का था इनामी, एडीजी की क्राइम ब्रांच टीम ने पकड़ा
प्रतापगढ़ और प्रयागराज में कई घटनाओं को दिया अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कृषक सेवा केंद्र जेठवारा से सात लाख की डकैती डालने वाला 50 हजार का इनामी बदमाश अरमान पुलिस के हत्थे चढ़ गया। अरमान ने अपने साथियों के साथ लूट और डकैती की करीब आधा दर्जन घटनाओं को अंजाम दिया था। उसके खिलाफ प्रयागराज और प्रतापगढ़ में कई मुकदमे दर्ज हैं। अरमान प्रतापगढ़ के शातिर गुलजार गैंग का सक्रिय सदस्य है। पूछताछ में पता चला कि सिर्फ नवंबर महीने में उसे लूट और हत्या के प्रयास की कई घटनाओं को अंजाम दिया।
एडीजी की क्राइम ब्रांच टीम ने रविवार की शाम मऊआइमा के जोगी नहर पुलिया के पास 50 हजार के इनामी बदमाश अरमान को गिरफ्तार कर लिया। अरमान प्रतापगढ़ के मानधाता के रामपुर बंतरी गांव का रहने वाला है। वह लंबे समय से प्रयागराज और प्रतापगढ़ पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। एडीजी के क्राइम ब्रांच प्रभारी धर्मेंद्र यादव और अमित पांडेय ने बताया कि उसके पास से लूट के तमंचा और सात हजार रुपये बरामद किए गए। एडीजी क्राइम ब्रांच प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि अरमान प्रतापगढ़ के शातिर गुलजार गैंग का सक्रिय सदस्य है। गिरोह वारदात के लिए पहले कोई बाइक लूटते थे। उसी बाइक से लूट की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। अरमान काफी समय से फरार चल रहा था। कुछ समय पहले अरमान पर एडीजी जोन ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। उस पर प्रतापगढ़ और प्रयागराज के कई थानों में लूट डकैती के छह मुकदमे दर्ज हैं।
इन प्रमुख घटनाओं को दिया अंजाम
-प्रतापगढ़ के जेठवारा में कृषक सेवा केंद्र में 26 नवंबर को डकैती डालकर सात लाख रुपये लूट लिए गए थे। इस कांड में अरमान के साथ गुलजार, साहिल, मजहर, शहरयार, इमरान, शादाब, और रिजवान आदि शामिल थे।
-मऊआइमा में बैंक लूट की वारदात के लिए अपाचे बाइक लूटी गई थी। आकाश मिश्रा ने 17 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
-मऊआइमा में अरमान ने अपने साथियों के साथ 19 नवंबर को ओंकार नाथ विश्वकर्मा की बाइक लूटने के लिए उन्हें गोली मार दी थी।
-30 नवंबर को गिरोह के सरगना गुलजार के साथ मऊआइमा के हरिसेनगंज में कमर मेंहदी से 80 हजार रुपये और एटीएम लूट लिया था।