थर्टी फर्स्ट नाइट: संगमनगरी में आज मस्ती और धमाल की रात
होटलों -क्लबों में सेल्फी प्वाइंट, युगलों के लिए रैंप और बच्चों की खातिर किड्स जोन बने
मनपसंद व्यंजनों के साथ हर किसी को लुभाने के लिए मॉकटेल पार्टी
संगम से सिविल लाइंस के चौराहों तक नए साल-2020 के स्वागत के लिए निकलेंगे लोग
प्रयागराज। संगमनगरी में थर्टी फर्स्ट के धमाल की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। होटल, रेस्टोरेंट के अलावा क्लबों से से लेकर सर्द मौसम में खुले पार्कों तक समूहों में नृत्य-संगीत के साथ मस्ती होगी। संगम से लेकर सिविल लाइंस के चौराहों तक नए साल के स्वागत में लोग पलक-पांवड़े बिछाए निकलेंगे। मंगलवार की रात ठीक 12 बजे नए साल -2020 के स्वागत में लोग झूमेंगे-नाचेंगे। इस मौके पर मस्ती और मनपसंद व्यंजनों के स्वाद के लिए होटलों में बुकिंग फुल हो गई है।
नव वर्ष पर होने वाले आयोजनों को लेकर जहां प्रशासन ने गाइड लाइन जारी की है, वहीं शहर के चुनिंदा होटलों में जबरदस्त तैयारियां की गई हैं। हालांकि इस बार अनुमति के फेर में कई बड़े होटलों की ओर से न्यू ईयर सेलिब्रेशन के निमित्त बहुत खास नहीं किया गया है। कहीं डीजे की धुन पर युवक-युवतियां झूमेंगे तो कहीं ग्रुप डांस में जमकर धमाल होगा। भांगड़ा के अलावा ब्रेक डांस के अलावा गीतों, गजलों से थर्टी फर्स्ट नाइट को संगीतमय बनाया जाएगा। सिविल लाइंस के होटल क्लार्क इन अजय इंटरनेशनल में न्यू ईयर के लिए खास सजावट की जा रही है।
सेल्फी प्वाइंट के अलावा किड्स जोन अलग से तैयार किया जा रहा है। युगलों का स्वागत वहां मॉकटेल से किया जाएगा। अनलिमिटेड स्नैक्स, वेज-नॉनवेज व्यंजनों के अलावा तीन हजार स्क्वायर फीट एरिया में समूह नृत्य की तैयारियां की गई हैं। इसी तरह सिविल लाइंस के अन्य होटल, रेस्टोरेंट में भी न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए खास इंतजाम किए गए हैं। फूलों, झालरों के अलावा रंग-बिरंगे गुब्बारे और लाइट से भव्य सजावट की जा रही है। इस बार नए साल पर सार्वजनिक स्थलों, होटल, क्लब व अन्य स्थलों पर मनोरंजक कार्यक्रम प्रशासन की बिना अनुमति के नहीं कराए जा सकेंगे, इसलिए कई होटलों ने कदम पीछे खींच लिया है।
फूलों-गुलदस्तों का बाजार गुलजार
प्रयागराज। नए साल के इंतजार में फूलों का बाजार गुलजार हो गया है। रामबाग की फूलमंडी हो या नैनी की। फूल मंडियों में गुलाब, गेंदा, आर्किड, गुलदाउदी, गुलदस्ते, बुके, गेंदा के फूल की माला, अशोक की पत्तियां और एरिका के पत्ते सज गए हैं। नैनी फूल मंडी के कारोबारी मानिक चंद्र बिंद के मुताबिक डंडी सहित गुलाब 20, से 30 रुपये प्रति पीस, 400 रुपये प्रति गठरी, गुलदस्ता- बुके 250 से 300 रुपये, गेंदा का फूल 20 रुपये का सौ पीस, गेंदा के फूल की माला 1800 रुपये के 100 पीस हैं। सिविल लाइंस क्षेत्र में बुके और गुलदस्ता 300 और स्पेशल गुलदस्ता 500 रुपये में है।
नैनी मंडी में डांडी, महेवा और अरैलघाट का गुलाब पहुंच रहा है। यहां पर डांडी, महेवा और अरैल घाट के गुलाब और गेंदा के व्यापारी फूल बेच रहे हैं। शहर के कई हिस्सों में बंगलूूरू से गुलाब का फूल भी आ रहा है। यह भी प्रति पीस 30 रुपये बिक रहा है।
नए साल पर पाइन एपल, ह्वाइट फॉरेस्ट और बटर स्कॉच केक
प्रयागराज। बेकर्स से नए साल के लिए कई फ्लेवर में केक तैयार किए हैं। बेकरी की दुकानों पर पाइन एपल, ह्वाइट फॉरेस्ट, बटर स्कॉच, चॉकलेट, ट्रफल चाकलेट, ब्लैक फॉरेस्ट, फ्रूट केक, बनीला, स्ट्राबेरी, चिप चाकलेट, बनीला क्रंच, रेड बेलवेट और ब्लूबेरी फ्लेवर के केक दुकानों पर मिल रहे हैं।
ग्रीटिंग कार्ड गायब,इंस्टाग्राम और ट्वीटर से भेजेंगे संदेश
प्रयागराज। नए साल पर शुभकामना संदेश भेजने के लिए ग्रीटिंग अब गुजरे जमाने की बात हो गई है। ग्रीटिंग अब दुकानों से भी गायब हो गए हैं। सिविल लाइंस में फूलों की दुकान चलाने वाले तारिक ने बताया कि वह पहले ग्रीटिंग भी बेचते थे, लेकिन अब इसकी डिमांड नहीं रही। इसी कारण दुकान पर ग्रीटिंग नहीं रख रहे हैं। ग्रीटिंग की जगह अब मोबाइल के टेक्स्ट, ह्वाट्सएप, मेल, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्वीटर से शुभकामना संदेश भेजे जा रहे हैं।