सुलेम सराय स्थित संस्कार इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार से सीबीएसई क्लस्टर-पांच बालिका बास्केटबाल प्रतियोगिता शुरू हुई। न्यू कैंट के आर्मी पब्लिक स्कूल ने नैनी के शकुन विद्या निकेतन को 39-31 अंक से हराकर प्रतियोगिता के अंडर-14 आयु वर्ग का उद्घाटन मुकाबला जीत लिया।
आर्मी पब्लिक स्कूल न्यू कैंट की ओर से मुस्कान 20 अंक और शकुन विद्या निकेतन की अविका 18 अंक के साथ टॉप स्कोरर रहीं। इसी ग्रुप में वाराणसी के सनबीम वरुणा, बलिया के सनबीम और टैगोर पब्लिक स्कूल को वॉकओवर मिला। इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की प्रधानाचार्या अमृता अग्रवाल ने किया।
संस्कार इंटरनेशनल स्कूल की स्पोर्ट्स कैप्टन हर्षिता कुमारी के नेतृत्व में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने मार्चपास्ट किया। समारोह में अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी आरएस बेदी, जिला बास्केटबाल संघ के सचिव शील कुमार ओझा उद्यमी विदुप अग्रहरी, संस्कार इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक नीरज अग्रवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
विनोद कुमार, आशीष कुमार, विपिन खत्री, पुनीत श्रीवास्तव, कुणाल, ऋषभ देव, राहुल, सनी, शिवम, अमन यादव, सैफ और कुशाग्र ने निर्णायक का दायित्व निभाया। इस दौरान केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के पर्यवेक्षक के तौर पर सुधीर कुमार, दीप्ति अग्रवाल और माधव अग्रवाल उपस्थित रहीं।
सुलेम सराय स्थित संस्कार इंटरनेशनल स्कूल में शुरू हुई सीबीएसई क्लस्टर- पांच बास्केटबॉल प्रतियोग- फोटो : Archive