उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के गेट पर प्रदर्शन करते अप्रेंटिस अभ्यर्थी।स्रोत... अमर उजाला
रेलवे ग्रुप डी भर्ती प्रक्रिया में कथित विसंगतियों और नियमों की अनदेखी को लेकर रेलवे अप्रेंटिस अभ्यर्थियों ने मंगलवार को उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) मुख्यालय के गेट पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों ने विज्ञापन संख्या 8/24 और सीईएन 01/2019 के तहत हुई भर्ती में भेदभाव का आरोप लगाया।
उन्होंने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि वर्ष 2019 की भर्ती में सीसीएए अभ्यर्थियों को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) और एनएसी के अंकों का विस्तृत स्कोर कार्ड दिया गया था।
हालांकि, मौजूदा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शी स्कोर कार्ड जारी नहीं किया गया है। अभ्यर्थियों ने सामान्य श्रेणी की कटऑफ के बराबर या उससे अधिक अंक पाने वाले अप्रेंटिस अभ्यर्थियों को ओपन मेरिट में स्थान देने की मांग की। उन्होंने 20 प्रतिशत अप्रेंटिस कोटे का पूरा लाभ सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अभ्यर्थी देर शाम तक मुख्यालय के गेट पर धरने पर बैठे रहे, जिसे बंद कर दिया गया था।
उत्तर मध्य रेलवे के सीनियर पीआरओ डॉ. अमित मालवीय ने बताया कि रेलवे द्वारा पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यही प्रक्रिया वर्ष 2019 में भी अपनाई गई थी। यह प्रक्रिया देश के सभी जोनल रेलवे में एक समान रूप से लागू है। डॉ. मालवीय ने यह भी बताया कि अभ्यर्थियों का ज्ञापन लिया गया है।
इससे पहले 6 नवंबर को भी अभ्यर्थियों ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज कराया था। उस समय अधिकारियों के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ था। अभ्यर्थियों का आरोप है कि इस पूरी प्रक्रिया में केवल अजमेर जोन ही नियमों का पालन कर रहा है।