प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में अगले हफ्ते से प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। राज्य विवि और इससे संबद्ध तकरीबन 700 महाविद्यालयों में यूजी व पीजी की तीन लाख से अधिक सीटों पर प्रवेश होने हैं। रोजगारपरक सात नए डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में मेरिट के आधार पर दाखिले होंगे।
राज्य विवि परिसर में सत्र 2025-26 से सात डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। इसमें समाजकार्य विभाग में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन योगा, मनोविज्ञान विभाग में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन काउंसलिंग, समाजकार्य विभाग में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन क्रिमिनोलॉजी एंड क्रिमिनल जस्टिस, समाजकार्य विभाग में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन एनजीओ एंड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, कंप्यूटर साइंस विभाग में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन साइबर सिक्योरिटी शामिल हैं।
कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि इनमें सीधे मेरिट से प्रवेश लिए जाएंगे। वहीं, बीएएलएलबी, बीबीए, बीसीए, बीफॉर्मा जैसे प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों में प्रवेश परीक्षा के माध्यम से दाखिले होंगे और बीए, एमए जैसे परंपरागत पाठ्यक्रमों में सीधे मेरिट से प्रवेश होंगे। कुलपति ने बताया कि अगले हफ्ते प्रवेश परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जून में प्रवेश परीक्षा संभावित है।
प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य
- राज्य विवि व संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों का समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य के समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण के बाद ही प्रवेश वैध माना जाएगा। ऐसे में हर अभ्यर्थी का पूरा डाटा राज्य विश्वविद्यालय के पास होगा। साथ ही निजी महाविद्यालय प्रवेश में फर्जीवाड़ा नहीं कर सकेंगे।
पीएचडी प्रवेश की प्रक्रिया भी शुरू
- राज्य विश्वविद्यालय ने सत्र 2025-26 के लिए पीएचडी प्रवेश की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। प्रवेश से पहले विश्वविद्यालय व संबद्ध महाविद्यालयों में शोध पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जानी है। कुलसचिव संजय कुमार ने विश्वविद्यालय के सभी विभागाध्यक्षों व संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्यों को पत्र जारी कर अपने शैक्षणिक संस्थान के अनुमोदित शोध पर्यवेक्षकों की सूचना मांगी है।