माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 जुलाई से शुरू हो रही है। बोर्ड ने परीक्षार्थियों के विद्यालय में प्रवेश लेने और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख पांच अगस्त रखी है। बोर्ड 11 जुलाई से वेबसाइट upmsp.edu.in शुरू कर रहा है, यह अंतिम तिथि पांच अगस्त तक खुली रहेगी।
यूपी बोर्ड की सचिव नीना श्रीवास्तव ने बताया कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2020 के लिए आवेदन का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। बोर्ड की वेबसाइट पर संस्थागत एवं व्यक्तिगत छात्र-छात्राओं के आवेदन लिए जाएंगे। आवेदन के लिए विद्यालयों के प्रधानाचार्य जारी यूजर आइडी व पासवर्ड का इस्तेमाल करेंगे। आवेदन शुल्क भी वेबसाइट पर दिया गया है, उसी के अनुरूप प्रधानाचार्यों को चालान के माध्यम से कोषागार में एकमुश्त जमा कराना होगा।
आवेदन का कार्यक्रम
हाईस्कूल-इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए आवेदन की वेबसाइट 11 जुलाई को खुलेगी, यह अंतिम तिथि तक जारी रहेगी।
दसवीं और बारहवीं कक्षा में प्रवेश लेने तथा परीक्षा शुल्क जमा करने की तिथि पांच अगस्त
प्रधानाचार्य कोषागार में एकमुश्त परीक्षा शुल्क 10 अगस्त तक जमा करेंगे
परीक्षा शुल्क एवं शैक्षिक विवरण बोर्ड की वेबसाइट पर 16 अगस्त तक अपलोड करेंगे
विलंब शुल्क 100 रुपये के साथ परीक्षा शुल्क का चालान कोषागार में जमा करने की अंतिम तिथि 16 अगस्त
विलंब शुल्क 100 रुपये के साथ परीक्षा शुल्क एवं शैक्षिक विवरण वेबसाइट पर 20 अगस्त तक अपलोड कर सकेंगे
प्रधानाचार्य वेबसाइट पर अपलोड किए गए छात्र-छात्राओं के विवरण की जांच 21 से 31 अगस्त के बीच कर सकेंगे
विद्यालय के प्रधानाचार्य जांच के बाद वेबसाइट पर अपलोड विवरण में एक से 10 सितंबर के बीच संशोधन कर सकेंगे
यूपी बोर्ड सचिव की ओर जारी निर्देश में कहा गया है कि प्रधानाचार्य विद्यार्थियों के विवरण में केवल संशोधन ही स्वीकार होंगे, नए छात्र-छात्राओं का विवरण नहीं देंगे।
व्यक्तिगत परीक्षार्थी प्रधानाचार्य को दें जानकारी
यूपी बोर्ड सचिव ने बताया कि व्यक्तिगत परीक्षार्थियों को तय तिथि पर वेबसाइट पर उपलब्ध व्यक्तिगत परीक्षा आवेदन पत्र के प्रारूप को डाउनलोड करके उसे पूरा करते हुए अपनी शैक्षिक अर्हता के साक्ष्यों सहित परीक्षा शुल्क की नकद धनराशि केंद्र के प्रधानाचार्य को देनी होगी।
अभिभावकों के साथ प्रधानाचार्य भी जिम्मेदार
छात्र-छात्रा एवं उनके माता-पिता के नाम के अतिरिक्त जन्म तिथि में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर सिर्फ अभिभावक ही नहीं बल्कि कक्षाध्यापक, प्रधानाचार्य भी जिम्मेदार होंगे। बोर्ड ने कहा है कि स्कूल आधारभूत सूचनाएं छात्र-छात्राओं से लिखवाकर ले लें। अभिभावक, कक्षाध्यापक एवं प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर लेकर वेबसाइट पर अपलोड करें।