इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षकों के बैकलॉग के पदों के लिए एक बार फिर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है। 16 विषयों में 44 पदों के लिए आवेदन मांगा गया है। आवेदन 30 जून तक करना है। पूर्व में हुए विज्ञापन के आवेदकों को दोबारा आवेदन नहीं करना है। वे आखिरी तारीख तक फार्म अपडेट करा सकते हैं।
विश्वविद्यालय में 504 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी लेकिन दो साल की प्रक्रिया के बाद सिर्फ 23 विभागों में 77 शिक्षकों की नियुक्ति हो पाई थी। इनमें भी आरक्षित वर्ग के कई पद खाली रह गए थे। बैकलाग के इन पदों के लिए अब नए सिरे से आवेदन मांगा गया है। इनमें असिस्टेंट प्रोफेसर के 32, एसोसिएट के 10 तथा प्रोफेसर के दो पद शामिल हैं। बैकलॉग के पदों के लिए पूर्व में भी आवेदन मांगा जा चुका है। उस भर्ती के आवेदकों को नए सिरे से आवेदन से छूट भी दी गई है लेकिन विज्ञापन संख्या को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई है। नोटिफिकेशन है कि विज्ञापन संख्या 01/2013 के आवेदकों को दोबारा फार्म नहीं भरना है, जबकि अभ्यर्थियों का कहना है कि बैकलॉग के अंतर्गत 2013 में कोई नोफिकेशन नहीं हुआ था। 2014 में बैकलॉग के पदों के लिए आवेदन मांगा गया था। ऐसे में पूर्व में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के सामने दुविधा की स्थिति है। गौर करने वाली बात यह भी है कि 2012 से अब तक विश्वविद्यालय में शिक्षक भर्ती के लिए चार बार आवेदन मांगे जा चुके हैं लेकिन अभी तक महज 77 शिक्षकों की भर्ती हो पाई है।