इलाहाबाद। खुशियों का पैगाम लेकर आने वाली ईद में अब बस चंद रोज ही बाकी रह गए हैं, सो चांद रात से पहले ही लोग ईद की तैयारियां जल्दी से जल्दी मुकम्मल कर लेना चाहते हैं। दोपहर केबाद से ही बाजार परवान चढ़ता है। इफ्तार के बाद इसमें तेजी आती है। ऐसे में जब चंद रोज ही बाकी रह गए हैं, रात में भी ईद के बाजार में रौनक होती है लेकिन शनिवार को रुक-रुक पूरे दिन और शाम से लेकर रात तक हुई बारिश ने बाजार की रंगत ही बिगाड़ दी। सेवइयों से लेकर कपड़ों की खरीद तक पर इसका असर पड़ा। ईद में चंद रोज ही बाकी होने से खरीदारी में तेजी आने की उम्मीद थी लेकिन बारिश से बाजार में सन्नाना पसर गया और दुकानदारों में मायूसी।
चौक में रेडीमेड कपड़ों की दुकान सजाए राशिद महबूब हों या रोशनबाग में ट्रे, प्यालों, गिलास, क्राकरी आदि की दुकान सजाए मकसूद आलम सभी का मानना है कि बारिश का यही आलम रहा तो खरीदारी पर इसका सीधा असर पड़ना तय है, ऐसे में बाजार का चौपट होना तय है। सड़क किनारे दुकान लगाए टोपी के कारोबारी शमशाद, रेडीमेड कुर्ते बेचने वाले मुनीर, इत्र बेच रहे मुख्तार, सोफासेट आदि का कवर बेचने वाले दिलावर सभी में मायूसी है। कारोबारियों का मानना है कि बारिश थोड़ी थमे तो बाजार में रौनक लौटे।
दरअसल इन दिनों इफ्तार और घर से दूसरे कामों से फारिग होकर महिलाएं भी खरीदारी के लिए निकल रही हैं। रमजान के दिन गुजरने के साथ ही घरों में ईद की खास तैयारियां तेज हैं। पहले जहां कपड़ों और सेवइयों पर ही ज्यादा जोर होता था, वहीं अब घर के तकरीबन सभी सामान बदलने की तैयारी है। अधिकतर घरों में ईद के मद्देनजर प्यालियां, दरवाजे, खिड़कियों के परदे, सोफे के कवर आदि तक बदले जाएंगे।