आस्ट्रेलिया में योग गुरु आनंद गिरि पर लगे अमर्यादित आचरण के आरोप अगर साबित हुए तो उनको वहां के कानून के तहत दो से लेकर सात साल तक की सजा और हजारों डॉलर का जुर्माना लग सकता है। आस्ट्रेलिया में अमर्यादित आचरण को लेकर सख्त कानून है। हालांकि, जमानत के प्रावधान भी हैं, मगर विदेशी नागरिक होने के नाते आनंद गिरि को इससे संबंधित कानूनों का भी सामना करना होगा।
जानकारों का कहना है कि आस्ट्रेलिया के क्रिमिनल कोड की धारा 323 के अनुसार यदि कोई व्यक्ति गैरकानूनी और अमर्यादित आचरण का दोषी पाया जाता है तो उसे पांच से लेकर सात साल तक की सजा हो सकती है। हालांकि, इस मामले में सामान्य तौर पर आस्ट्रेलिया में दो वर्ष की सजा और 24 हजार रुपये आस्ट्रेलियाई डॉलर की सजा का प्रावधान है। इसके साथ यदि उत्तेजना का आरोप भी साबित होता है तो सजा तीन वर्ष और जुर्माना 36 हजार आस्ट्रेलियाई डॉलर भी हो सकता है।
आनंद गिरि के खिलाफ दो आस्ट्रेलियाई महिलाओं ने अमर्यादित आचरण (इन डीसेंट असाल्ट) करने की सिडनी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। दोनों मामले पुराने हैं। पहला मामला वर्ष 2016 का है, जब आनंद गिरि पर आरोप है कि सिडनी के रौली हिल स्थित एक घर में आनंद धार्मिक आयोजन में गए थे। उस घर के बेडरूम में उन्होंने पीड़ित 29 वर्षीय महिला के साथ अमर्यादित आचरण किया था। दूसरा मामला नवंबर 2018 का सामने आया है। आरोप है कि आनंद गिरि ने 34 वर्षीय एक महिला से भी ऐसा ही व्यवहार किया जो अमर्यादित हमले की श्रेणी में आता है।
इन दोनों शिकायतों पर गत दिनों आनंद गिरि को आस्ट्रेलिया दौरे के समय सिडनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब उनके पास आस्ट्रेलियाई कानून के तहत पुलिस के समक्ष जमानत प्रार्थनापत्र देने और उसके खारिज होने पर स्थानीय मजिस्ट्रेट की अदालत में जमानत की मांग करने करने का विकल्प मौजूद है। आस्ट्रेलिया में जमानत को लेकर संघीय अदालतों की अधिकारिता बेहद कम है।