मछलीशहर से वाराणसी जा रही एनएच 731 बी के लिए जंघई में हो रहे बाईपास निर्माण के लिए रोड़ा बन रहे मकान मालिकों को एसडीएम हंडिया ने चार दिन के अंदर करीब डेढ़ दर्जन मकानों को हटाने का अल्टीमेटम दिया है। कहा कि शीघ्र नहीं हटाए जाने पर कार्रवाई होगी।
जौनपुर जनपद के मछलीशहर से वाराणसी जा रही एनएच 731 बी का निर्माण नवंबर 2023 से शुरू कराया गया है। इसके लिए जंघई में बाईपास का निर्माण कराया जा रहा है। 29 जून को चौका मोड़ पर लगभग 500 मीटर तक बुलडोजर चलाकर मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हुई थी।
लेकिन, प्रयागराज की सीमा में पड़ने वाले इलाके के कुछ मकान मालिक अपना मकान नहीं हटा रहे हैं। इसके चलते हाइवे के निर्माण कार्य में देरी हो रही है। बुधवार को एनएच के अवर अभियंता ओपी प्रसाद एवं विनिर्माण कंपनी के मैनेजर अनिल राय एसडीएम हंडिया रावेंद्र सिंह एवं राजस्व टीम प्रयागराज के चौका गांव पहुंचे।
एसडीएम हंडिया ने मकान मालिकों से बातचीत कर जल्द मकान हटाने का निर्देश दिए। इस पर कुछ ग्रामीणों ने समय बढ़ाने की मांग की। लेकिन, एसडीएम ने शीघ्र खाली करने का निर्देश दिया। संवाद