मंसूराबाद में लखनऊ मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से मृत मासूम के बाद मौके पर जमा भीड़।
लखनऊ नेशनल हाईवे पर मां के साथ मंसूराबाद बाजार आई मासूम की सोमवार को शाम कार की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के सिंगरौर उपरहार निवासी सुल्तान की बेटी सायना (6) अपनी मां नाजु बानो के साथ खरीदारी करने के लिए मंसूराबाद बाजार आई थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय सायं करीब चार बजे लखनऊ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सायना की मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया था। मौके पर जमा भीड़ को पुलिस ने हटाकर यातायात बहाल कराया।
स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंसूराबाद में लखनऊ मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से मृत मासूम के बाद मौके पर जमा भीड़।