यात्री सुविधाओं के लिहाज से उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) को भारतीय रेलवे बोर्ड की ओर से पहली बार अमृत भारत ट्रेन का एक नया रेक आवंटित कर दिया गया है। जल्द ही यह रेक एनसीआर को मिल जाएगा। इस सौगात के मिलने के बाद अब एनसीआर जोन पहली बार खुद अपनी अमृत भारत ट्रेन का संचालन करेगा।
रेलवे गलियारे में चर्चा है कि इस अत्याधुनिक ट्रेन को प्रयागराज से देश की आर्थिक राजधानी मुंबई या सिलिकॉन वैली बंगलूरू के बीच पटरी पर उतारा जा सकता है। अभी तक प्रयागराज जंक्शन और प्रयागराज छिवकी स्टेशनों से करीब आधा दर्जन अमृत भारत ट्रेनें गुजरती हैं, लेकिन ये सभी दूसरे रेलवे जोन या पीछे के स्टेशनों से संचालित होकर आती थीं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस है अमृत भारत ट्रेन
- कम किराए में राजधानी और वंदे भारत जैसी आधुनिक यात्रा का अहसास कराने वाली अमृत भारत ट्रेन अपनी अनूठी खूबियों के लिए जानी जाती है। इस ट्रेन की सबसे बड़ी विशेषता इसका पुश-पुल तकनीक पर आधारित होना है, जिसमें ट्रेन के आगे और पीछे दोनों सिरों पर इंजन लगे होते हैं। इससे ट्रेन को रफ्तार पकड़ने और ब्रेक लगाने में बेहद कम समय लगता है।
अमृत भारत की खूबियां
- ट्रेन में सेमी-परमानेंट कपलर लगे हैं, जिससे बोगियों के आपस में टकराने या झटके लगने की संभावना खत्म हो जाती है।
- इसके सभी कोच में बायो-वैक्यूम टॉयलेट्स, बेहतर वाटर टैप और आधुनिक सैनिटरी फिटिंग की सुविधा है।
- हूपर कोच डिजाइन के साथ बेहतर वेंटिलेशन, इंसुलेटेड रूफ जो गर्मी में तापमान को नियंत्रित रखती है।
- ट्रेन के सभी कोचों में सीसीटीवी कैमरे, फायर अलार्म सिस्टम और आधुनिक सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं।
रेलवे बोर्ड से रेक आवंटन की आधिकारिक सूचना मिल चुकी है। जैसे ही रेक एनसीआर को प्राप्त होगा, रूट और समय-सारणी को अंतिम रूप देकर इसके संचालन की घोषणा कर दी जाएगी। - डाॅ. शिवम शर्मा, सीपीआरओ, एनसीआर।